धमतरी

इंसान चला गया, लेकिन यादें अमर हो गईं, स्व. संतोष नेताम की स्मृति में महानदी सभागार का लोकार्पण, पत्नी रश्मि नेताम ने किया उद्घाटन..!

धर्मपत्नी एवं जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्रीमती रश्मि नेताम ने किया लोकार्पण, कलेक्टर ने उनके सेवाभावी व्यक्तित्व और योगदान को किया याद

धमतरी। जिला कार्यालय परिसर में नवनिर्मित स्वर्गीय श्री संतोष नेताम महानदी सभागार का लोकार्पण आज जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश तथा स्वर्गीय संतोष नेताम की धर्मपत्नी श्रीमती रश्मि नेताम के करकमलों से संपन्न हुआ। अपने जीवनसाथी की स्मृति में निर्मित सभागार का लोकार्पण उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने स्वर्गीय संतोष नेताम के व्यक्तित्व, कार्यशैली और जिले के विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्रीमती रश्मि नेताम ने कहा कि स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृति में निर्मित सभागार का लोकार्पण करना उनके और उनके परिवार के लिए अत्यंत भावुक, आत्मीय और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के कार्यों और योगदान को इस तरह सार्वजनिक स्मृति से जोड़ना उनके प्रति समाज के सम्मान और आत्मीयता का परिचायक है। उन्होंने स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृतियों को जिला कार्यालय परिसर से जोड़ने तथा उनके योगदान को सम्मान देने की इस संवेदनशील पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अपने संबोधन में स्वर्गीय संतोष नेताम के साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिले में विभिन्न विकास कार्यों, विशेषकर कलेक्टर सड़कों सहित अनेक निर्माण कार्यों के सर्वेक्षण के दौरान उन्हें उनके साथ काम करने का अवसर मिला था। स्वर्गीय नेताम ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और कार्यकुशलता के साथ किया। जिले में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके कार्यों और सेवाभाव को सम्मानपूर्वक याद रखने तथा भावी पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से महानदी सभागार को उनका नाम दिया गया है।

कलेक्टर ने कहा कि जिला कार्यालय में समय-समय पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठकें, समीक्षा बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और अन्य शासकीय आयोजन होते हैं। इन आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित, विशाल और सुविधायुक्त सभागार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नवनिर्मित महानदी सभागार इस आवश्यकता की पूर्ति करने के साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय, विचार-विमर्श तथा प्रशासनिक कार्यों को गति देने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यह सभागार एक ओर जहां शासकीय गतिविधियों के संचालन में उपयोगी सिद्ध होगा, वहीं दूसरी ओर स्वर्गीय संतोष नेताम की स्मृतियों और उनके योगदान को सदैव जीवंत रखेगा।

उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान केवल उसके भवनों और संसाधनों से नहीं, बल्कि उससे जुड़े लोगों के समर्पण, कर्मठता और योगदान से बनती है। स्वर्गीय संतोष नेताम के नाम पर सभागार का नामकरण इसी कृतज्ञता और सम्मान की भावना का प्रतीक है।

इस अवसर पर जिला प्रशासन धमतरी द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए तैयार कक्षा 12वीं (कला संकाय) की प्रश्न बैंक पुस्तक का भी विमोचन किया गया। इसमें इतिहास एवं राजनीति विज्ञान विषयों के प्रश्नों को संकलित किया गया है। यह प्रश्न बैंक विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन देने तथा विषयों की बेहतर समझ विकसित करने में सहायक होगा। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को बेहतर बनाने में सहयोग देना है।

मालूम हो कि स्वर्गीय श्री संतोष नेताम धमतरी में लोक निर्माण विभाग में कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ थे। शासकीय सेवाकाल के दौरान ही पिछले वर्ष नवंबर माह में हृदयगति रुकने से उनका आकस्मिक निधन हो गया था। वे अपने मधुर व्यवहार, सरल व्यक्तित्व, मिलनसार स्वभाव और कार्य के प्रति अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे। अपने दायित्वों के निर्वहन में उनकी प्रतिबद्धता और निर्माण कार्यों के प्रति तकनीकी समझ एवं सक्रियता ने उन्हें सहकर्मियों और अधिकारियों के बीच विशिष्ट पहचान दिलाई थी। उनके असामयिक निधन से विभाग और जिले के प्रशासनिक परिवार को अपूरणीय क्षति हुई थी।

महानदी सभागार को उनके नाम से समर्पित करना केवल एक नामकरण नहीं, बल्कि उनके सेवाभाव, कार्यनिष्ठा और आत्मीय व्यक्तित्व के प्रति जिला प्रशासन की श्रद्धांजलि है। यह सभागार आने वाले वर्षों में उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ ही इस संदेश का भी प्रतीक रहेगा कि समर्पण और निष्ठा से किया गया कार्य व्यक्ति के जाने के बाद भी लोगों के हृदय में उसकी पहचान बनाए रखता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडे, वनमंडलाधिकारी श्री कृष्णा यादव, आयुक्त नगर निगम श्री अरुण वर्मा,जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी सहित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button