पंडरिया के पास 6 दिनों से ट्रांसफार्मर का एक फेस बंद, सिंचाई ठप होने से किसानों की फसल सूखने की कगार पर, विभागीय अधिकारियों को बार-बार सूचना देने के बावजूद सुधार नहीं,किसानों ने तत्काल विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
कवर्धा/पंडरिया। पंडरिया से महज एक किलोमीटर दूर लोरमी रोड स्थित ग्राम तेंदुआडीह में सड़क किनारे लगे विद्युत ट्रांसफार्मर का एक फेस पिछले छह दिनों से बंद पड़ा है। उक्त ट्रांसफार्मर से ग्राम सोनपुरी खार की विद्युत आपूर्ति होती है। किसानों का आरोप है कि बार-बार विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सूचना देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
किसानों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी न तो उनकी शिकायतों पर ध्यान दे रहे हैं और न ही फोन उठाकर समस्या सुन रहे हैं। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से खेतों में सिंचाई प्रभावित हो रही है और खड़ी फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है।
किसानों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल ट्रांसफार्मर का फेस सुधारकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है,ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।



