CG- युवक-युवती की मौत : खौफनाक हादसे में बुझ गई दो जिंदगियां! बाइक-स्कूटी की टक्कर के बाद भारी वाहन ने ली युवक-युवती की जान…..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिल के कुसमुंडा-गेवरा मार्ग पर बुधवार सुबह स्कूटी और बाइक की भिड़ंत के बाद हुए हादसे में युवक और युवती की मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों भारी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया, स्कूटी सवार युवती को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना सुबह करीब आठ बजे कुसमुंडा थाना क्षेत्र के गेवरा टीपर मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि गेवरा-कुसमुंडा को जोड़ने वाला रेलवे अंडरब्रिज मरम्मत कार्य के कारण बंद है। इससे रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को टीपर मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इस रास्ते पर पहले से भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। अब छोटे वाहनों का दबाव भी बढ़ने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर 112, संजीवनी वाहन और कुसमुंडा थाना पुलिस की टीम पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मृतकों की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल युवक और युवती की पहचान नहीं हो पाई है।
छत्तीसगढ़ कोरबा जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों में भारी वाहनों की चपेट में आकर लोगों की जान जा रही है। तीन नवंबर को उरगा मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी कार और दूसरी ओर से गुजर रहे वाहनों के बीच जगह कम होने के दौरान स्कूटी सवार वृद्ध ट्रेलर की चपेट में आ गए। ट्रेलर के पहिए उनके ऊपर से गुजर गए। इससे पहले कुसमुंडा क्षेत्र में भी भारी वाहन से जुड़े हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई। अब कुसमुंडा-गेवरा मार्ग पर युवक-युवती की जान चली गई। इन घटनाओं ने संकरे मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही और यातायात प्रबंधन पर सवाल खड़े किए हैं।



