दीपावली पर धमतरी पुलिस के 4 आरक्षकों को मिला पदोन्नति का तोहफा, बने प्रधान आरक्षक चालक..!

धमतरी। दीपावली के पर्व पर धमतरी पुलिस के चार आरक्षक (चालक) को पदोन्नति का उपहार मिला है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज, रायपुर अमरेश कुमार मिश्रा द्वारा जारी पदोन्नति आदेश एवं वर्ष 2026 की योग्यता सूची के तहत चार आरक्षकों को प्रधान आरक्षक (चालक) के पद पर पदोन्नत किया गया है।
4 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय ने पदोन्नत कर्मचारियों के कंधों पर फित्ती लगाकर उन्हें नए पद की जिम्मेदारी सौंपी और बधाई दी।
पदोन्नति प्राप्त करने वालों में संतोष ठाकुर, संतोष दुबे, छोटे लाल साहू एवं थान सिंह चंद्राकर शामिल हैं।
इस अवसर पर एसपी भावना पांडेय ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि कर्तव्यों और जिम्मेदारियों में बढ़ोतरी का भी प्रतीक है। यह बेहतर कार्य, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ करने के निर्देश दिए।
दीपावली के अवसर पर मिली इस दोहरी खुशी के बीच एसपी ने सभी कर्मचारियों का मुंह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, निरीक्षक अखिलेश शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पदोन्नत जवानों को शुभकामनाएं दीं।