धमतरीनगरी

ग्रेनाइट चबूतरा, स्टील रेलिंग और भव्य मंडप,वार्ड-14 के गौरा चौरा को मिला नया लुक,अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने किया लोकार्पण…

नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने फीता काटकर किया लोकार्पण, धार्मिक स्थल को मिला नया स्वरूप

नगरी। दीपावली एवं गौरा-गौरी पर्व के पावन अवसर पर नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 14 स्थित पुरानी बस्ती के गौरा चौरा का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा की अध्यक्ष निधि से कराए गए इस विकास कार्य का विधिवत लोकार्पण दीपावली एवं गौरा-गौरी पूजा के अवसर पर किया गया।

सौंदर्यीकरण के तहत गौरा चौरा के चबूतरे को ग्रेनाइट से आकर्षक स्वरूप दिया गया है। परिसर की सुरक्षा एवं सुंदरता को ध्यान में रखते हुए स्टील रेलिंग लगाई गई है, वहीं पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजनों के लिए ऊपर मंडप का भी निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही आसपास के घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाकर उचित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है,इन विकास कार्यों के बाद गौरा चौरा परिसर अब पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नजर आने लगा है। पर्व के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने फीता काटकर तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।

धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता

लोकार्पण अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि गौरा-गौरी पूजा और दीपोत्सव हमारी संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। नगर के विभिन्न वार्डों में स्थित गौरा चौरा लोगों की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। इन स्थलों का नगरवासियों की धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता में भी विशेष महत्व है।

अध्यक्ष ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों का विकास और उन्हें बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। वार्डवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए दीपावली एवं गौरा-गौरी पूजा से पहले वार्ड क्रमांक 14 के गौरा चौरा का सौंदर्यीकरण पूरा कराया गया है। उन्होंने कहा कि नगर में आगे भी आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जाएंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा, वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद शंकर देव, सभापति अश्वनी निषाद, चेलेश्वरी साहू, पार्षद देवचरण ध्रुव, अंबिका ध्रुव, जयंती टुकेश्वरी साहू, मिकी गुप्ता, हृदय लाल नाग, उत्तम गौर, रविंद्र गौर, गौरा समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल, शीतल पुजारी, सत्येंद्र सोम सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button