अन्य ख़बरें

दीपावली पर धमतरी पुलिस अलर्ट मोड में, चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात,बाजारों में पैदल पेट्रोलिंग और कड़ी निगरानी..!

भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा, वरिष्ठ अधिकारी मैदान में; वन-वे और पार्किंग व्यवस्था से यातायात को सुचारू रखने की कवायद

धमतरी। दीपावली पर्व को लेकर धमतरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट और मुस्तैद है। त्योहार के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

त्योहारी सीजन में आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पैदल पेट्रोलिंग और वाहन पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रखा गया है।

 वरिष्ठ अधिकारी खुद संभाल रहे सुरक्षा व्यवस्था

दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी धमतरी सहित सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी लगातार शहर का भ्रमण कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मैदानी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

पुलिस की ओर से किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए जवानों को सतर्क रखा गया है। बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है, ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

 वन-वे और पार्किंग व्यवस्था से यातायात पर फोकस

दीपावली के दौरान बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए धमतरी पुलिस द्वारा पहले ही वन-वे और निर्धारित पार्किंग स्थलों को लेकर यातायात एडवाइजरी जारी की गई थी।

इसी के तहत यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस का उद्देश्य शहर में यातायात का सुचारू संचालन बनाए रखना और आम नागरिकों को अनावश्यक जाम एवं आवागमन की परेशानी से राहत दिलाना है।

 संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर

पुलिस द्वारा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस बल को तैयार रखा गया है।

पुलिस की आमजन से अपील

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण दीपावली सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आमजन का सहयोग ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाता है।

Related Articles

Back to top button