छत्तीसगढ़

CG-पत्नी ने गाली दी तो पति ने पीट-पीटकर मार डाला,नाले में गिरने की कहानी गढ़ी,ऐसे खुला हत्या का राज

सूरजपुर। सूरजपुर में पत्नी की हत्या करने के बाद उसे हादसा बताने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी नाले में गिर गई थी।

जिससे उसे अंदरूनी चोट आई और बाद में उसकी मौत हो गई। लेकिन पीएम रिपोर्ट की जांच में सामने आया कि महिला की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि पिटाई के कारण आई गंभीर चोटों से हुई थी।

पूछताछ में पता चला कि पत्नी को जल्दी चलने कहने पर दोनों के बीच लड़ाई हो गई थी। पत्नी ने उसे अपशब्द कहे थे, इसलिए गुस्से में आकर उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अब जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, ग्राम रैसरा निवासी लालू प्रसाद पण्डो (35) ने 10 नवंबर को चौकी चेन्द्रा में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी लक्षंती बाई की नाले में गिरने से आई अंदरूनी चोट के कारण मौत हो गई है।

उसने बताया था कि 9 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह पत्नी के साथ महतारी वंदन योजना की राशि के संबंध में जानकारी लेने ग्राहक लोक सेवा केंद्र गया था। वहां से दोनों अपने फूफा के घर ग्राम टोमो जाने के लिए निकले थे।

नाले में गिरने की बताई थी कहानी

आरोपी ने पुलिस को बताया था कि शाम करीब 7 बजे ग्राम टोमो के बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी पत्थर पर गिर गई थी। इससे उसे अंदरूनी चोट आई और वह पानी में भीग गई।

इसके बाद वह पत्नी को नाले के पास स्थित एक व्यक्ति के मवेशी बांधने वाले बथान में आम के पेड़ के नीचे ले गया और उसकी सिकाई करने लगा।

रात करीब 11 बजे पत्नी को छूकर देखा तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद उसने पत्नी की मौत नाले में गिरने से लगी चोट के कारण होना बताया।

हाथ-मुक्के और लात से की गई थी मारपीट

सूचना मिलने पर चेन्द्रा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 91/2026 कायम कर शव का पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमॉर्टम कराया। जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का बारीकी से परीक्षण किया।

इसमें सामने आया कि लक्षंती बाई की मौत नाले में गिरने से नहीं हुई थी। उसकी मौत हाथ-मुक्के और लात से की गई मारपीट के कारण आई गंभीर अंदरूनी चोटों से हुई थी।

जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय आरोपी अपनी पत्नी के साथ मौजूद था। पुलिस के अनुसार, उसने मारपीट की सच्चाई छिपाने के लिए नाले में गिरने से मौत होने की कहानी बताई थी।

जल्दी चलने कहने पर आया था गुस्सा

पुलिस पूछताछ में आरोपी लालू प्रसाद ने बताया कि 9 नवंबर को पत्नी के साथ लौटते समय बेवराडांड के ईरा नाला के पानी में वह गिर गई थी। उसे उठाकर नाला पार कराने के बाद आरोपी ने जल्दी चलने के लिए कहा।

इसी बात को लेकर पत्नी ने उसे अपशब्द कहे, जिससे वह नाराज हो गया। गुस्से में उसने पत्नी के साथ हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की।

गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने घटना को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

हत्या और सबूत छिपाने के आरोप में गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद चौकी चेन्द्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लालू प्रसाद पण्डो (35), पिता स्वर्गीय रामजीत पण्डो, निवासी ग्राम रैसरा असनाढोढ़ी को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 में मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button