CG- चौपाटी में आग का तांडव! एक के बाद एक दो सिलेंडर ब्लास्ट, धू-धू कर जलीं आधा दर्जन दुकानें, इलाके में मची अफरा-तफरी….

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित एक फूड पार्क में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां रखे दो गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे दहशत और बढ़ गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। चिंगारी भड़कने के कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आकर करीब 6 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सिलेंडर ब्लास्ट और लगातार उठती ऊंची लपटों के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दमकल की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।



