धमतरी के गांवों की बदलेगी तस्वीर: सांकरा-बेलरगांव-जैतपुरी सड़क के लिए ₹87.60 करोड़ मंजूर, 30 KM मार्ग होगा फोरलेन की तर्ज पर चकाचक..!

30 किलोमीटर सड़क का होगा दो लेन में चौड़ीकरण और मजबूतीकरण, पुल-पुलियों का भी होगा निर्माण; जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जताया आभार
धमतरी। जिले के ग्रामीण अंचलों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सांकरा से घटुला, बेलरगांव होते हुए जैतपुरी तक करीब 30 किलोमीटर लंबे मुख्य जिला मार्ग के दो लेन में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा आवश्यक पुल-पुलियों के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने 87 करोड़ 60 लाख 39 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
इस स्वीकृति को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और लगातार किए गए प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
लगातार शासन के समक्ष उठाया सड़क का मुद्दा
पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए अरुण सार्वा ने बताया कि सांकरा-घटुला-बेलरगांव-जैतपुरी मार्ग की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र की आवश्यकता और सड़क की उपयोगिता को देखते हुए उन्होंने इसके उन्नयन के लिए लगातार पहल की।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री, लोक निर्माण विभाग के मंत्री, वित्त मंत्री सहित शासन के वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात कर सड़क की आवश्यकता और क्षेत्र के विकास में इसकी भूमिका से अवगत कराया गया था। साथ ही सड़क के लिए बजट एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया गया था।
30 किलोमीटर मार्ग का होगा कायाकल्प
शासन द्वारा स्वीकृत परियोजना के तहत सांकरा-घटुला-बेलरगांव-जैतपुरी मुख्य जिला मार्ग के लगभग 30 किलोमीटर हिस्से का दो लेन में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही मार्ग पर आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण भी प्रस्तावित है। पूरी परियोजना के लिए 87 करोड़ 60 लाख 39 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
सड़क के उन्नयन से क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है। किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार और मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। वहीं विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए आवागमन अधिक सुगम होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि मजबूत सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण आधार होती हैं। इस सड़क के बेहतर होने से क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को भी गति मिलने की उम्मीद है।
शासन के प्रति जताया आभार
अरुण सार्वा ने सड़क निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, लोक निर्माण विभाग के मंत्री, वित्त मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि आवश्यक प्रक्रियाएं नियमानुसार जल्द पूरी होंगी और निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों की मूलभूत समस्याओं को शासन के समक्ष मजबूती से उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रहेगा।