CG- 11वीं के छात्र का अपहरण, रातभर बेरहमी से पीटा, पुलिस ने घेराबंदी कर 7 को दबोचा….

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मोबाइल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मोबाइल वापस नहीं मिलने से नाराज 7 युवकों ने 16 वर्षीय छात्र का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने किशोर को बंधक बनाकर रातभर मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने देर रात छापेमारी कर अपहृत छात्र को सुरक्षित छुड़ा लिया। मामले में पुलिस ने अपहरण समेत अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, कस्तूरबा नगर में रहने वाला 16 वर्षीय छात्र 17 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे अपने घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान जानकारी मिली कि कोनी के बॉम्बे आवास निवासी शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू अपने साथियों के साथ किशोर को अपने साथ ले गया है। इसके बाद छात्र के भाई ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
अपहरण की सूचना पर रात में ही पुलिस ने दी दबिश
एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि कस्तूरबा नगर की सिंधी कॉलोनी से 11वीं कक्षा के छात्र के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आ गई और रात में ही दबिश दी गई। संदेही शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू और उसके साथियों के संभावित ठिकानों पर तलाश के बीच सूचना मिली कि अज्जू अपने साथियों के साथ सिंधी कॉलोनी के पास घूम रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और अज्जू व उसके साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में शेख अजीमुद्दीन ने अपने छह अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्र का अपहरण करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने कोनी स्थित एक मकान में दबिश दी और बंधक बनाए गए छात्र को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस प्रकरण में पुलिस ने शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू (22), शेख नजीमुद्दीन (23), निखिल कुशवाहा (22), अलताफ खान (22), शेख निशार (20), मोहम्मद सैफ (21) और अलताफ खान (19) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी तालापारा और कोनी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना मोबाइल वापस नहीं मिलने को लेकर हुए विवाद से जुड़ी है। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने किशोर को ले जाकर बंधक बनाया और रातभर उसके साथ मारपीट की। सिविल लाइन थाने में BNS की धारा 137(2), 138, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।



