छत्तीसगढ़

CG- रहस्य बनी दो महिलाओं की गुमशुदगी! नई नवेली दुल्हन के अचानक लापता होने से मचा हड़कंप….

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दो महिलाओं के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। सीपत थाना क्षेत्र के जांजी और सोनसरी गांव से जुड़ी इन घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों महिलाओं के परिजनों को आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हें बहला-फुसलाकर या किसी प्रलोभन में लेकर गया है। लगातार दो गुमशुदगी के मामले सामने आने के बाद गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीपत पुलिस ने सोनसरी गांव की घटना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस दोनों महिलाओं की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

पहला सनसनीखेज मामला जांजी गांव का है, जहां महज एक घंटे के भीतर एक महिला के गायब होने से परिवार के होश उड़ गए। जांजी निवासी 70 वर्षीय विदेशी भोई ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि 16 नवंबर की सुबह करीब सात बजे वे रोज की तरह बकरियां चराने के लिए घर से निकले थे। करीब एक घंटे बाद सुबह आठ बजे जब वे घर वापस लौटे, तो उनकी पत्नी बृहस्पति भोई घर पर मौजूद नहीं थीं। घर में पत्नी को न पाकर उन्होंने तुरंत अपने बेटे सुरेश से पूछताछ की, लेकिन उसने भी मां के बारे में किसी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया।

पत्नी के अचानक गायब हो जाने के बाद विदेशी भोई और परिवार के सदस्यों ने आसपास के इलाकों, पड़ोसियों और नाते-रिश्तेदारों के घरों में जमकर तलाश की, लेकिन बृहस्पति भोई का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई ठोस जानकारी नहीं मिली, तो 18 नवंबर को विदेशी भोई अपने साले सतीश भोई के साथ सीपत थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों को अंदेशा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया है।

दूसरा मामला सोनसरी गांव का है, जहां शादी के महज नौ महीने बाद ही एक नवविवाहिता के लापता होने से घर की खुशियां काफूर हो गई हैं। सोनसरी निवासी दीपक मिरी का विवाह नौ महीने पहले बसंतपुर निवासी ममता यादव से हुआ था। दीपक के अनुसार, 15 नवंबर की रात करीब एक बजे उनकी पत्नी बिना किसी को बताए घर से अचानक चली गई। देर रात या सुबह तक जब वह नहीं लौटी, तो परिवार में हड़कंप मच गया।

पत्नी के गायब होने के बाद दीपक मिरी ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां लगातार तलाश की, लेकिन ममता यादव का कोई पता नहीं चल सका। थक-हारकर पीड़ित पति ने पुलिस की शरण ली और आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति प्रलोभन या झांसा देकर उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल सीपत पुलिस दोनों लापता महिलाओं के संभावित ठिकानों और कॉल व अन्य सुरागों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button