CG- 70 लाख का गांजा जब्त : ओडिशा से लाकर छत्तीसगढ़ में खपाते थे गांजा, 2 सगे भाई समेत 4 गिरफ्तार, 70 लाख की खेप बरामद….

बालोद। ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने वाले अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 138.551 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सनौद थाना पुलिस ने सबसे पहले अरकार गांव में भीषम सतनामी को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो पैकेट और पुड़िया में रखा 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। उसने कामता प्रसाद कोसरे से गांजा खरदीना बताया। फिर कामता को भी पुलिस ने दबोचा। पूछताछ में तस्करी नेटवर्क का अहम खुलासा हुआ।
पूछताछ में दो सगे भाइयों के नाम आए सामने
पुलिस को कामता प्रसाद कोसरे ने बताया कि ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाइयों ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल से उसने गांजा खरीदा था। दोनों भाई करीब एक साल से उसके गांव में गांजा बेचने आते थे। वह उनसे गांजा खरीदकर स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा बिक्री के 3 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
घर में लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखा था गांजा
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम तैयार की गई। इसके बाद खप्परवाड़ा के घेराबंदी कर संबंधित घर में दबिश दी गई। यहां ओमप्रकाश और कुलेश्वर पटेल को दबोचा गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर लाते थे और अपने घर में छिपाकर रखते थे। अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से उन्होंने यह अवैध कारोबार शुरू किया था। वे एक बार में करीब 10 से 20 किलोग्राम गांजा खरीदकर लाते थे।
उन्होंने बताया कि 2023 में खेती छोड़कर पिकअप खरीदा, जिसे किराये पर चलाने के लिए वह कोलकाता और बनारस जाते थे। नुकसान होने और किश्त नहीं पटा पाने के कारण उन्होंने भिलाई फल मंडी में वाहन किराये पर लगाया और फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने लगे।
लोहे की पेटी और दीवान में छिपा रखा था गांजा
पुलिस ने दोनों भाइयों के घर की तलाशी ली तो लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखे गए 134 पैकेट मिले। इनमें कुल 136.56 किलोग्राम गांजा था, जिसकी कीमत करीब 68.27 लाख रुपये आंकी गई है।
पूरी कार्रवाई में पुलिस ने 138.551 किलोग्राम गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप, मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 29 भी जोड़ी गई है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



