छत्तीसगढ़

CG- सड़क पर तड़पती रही गर्भवती, एंबुलेंस के इंतजार में हुआ प्रसव, जन्म के कुछ देर बाद नवजात की मौत….

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां मीना बाजार के सामने सड़क पर एक गर्भवती महिला का प्रसव हो गया। बताया जा रहा है कि महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर मदद मांगी, लेकिन करीब एक घंटे तक इंतजार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। आखिरकार महिला को सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। इस दर्दनाक घटना में नवजात की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, महिला को प्रसव पीड़ा होने के दौरान मीना बाजार के सामने सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन करीब एक घंटे तक इंतजार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के बीच नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवीय पहल करते हुए प्रसूता महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज जारी है।

इस घटना ने जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सहायता उपलब्ध होती तो स्थिति क्या अलग हो सकती थी। घटना को लेकर 108 एंबुलेंस सेवा की भूमिका और सूचना मिलने के बावजूद सहायता नहीं पहुंचने के कारणों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button