छत्तीसगढ़

CG सस्पेंड ब्रेकिंग : कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, नायब तहसीलदार के रीडर को किया निलंबित, इस वजह से गिरी गाज….

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित तहसील कार्यालय में पदस्थ एक कर्मचारी पर शराब के नशे में अधिवक्ता के साथ अभद्रता करने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और नायब तहसीलदार के रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को निलंबित कर दिया। आरोपी कर्मचारी ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ था। खास बात यह है कि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ पहले भी शिकायतें और आरोप लगने की बातें सामने आ रही हैं, जिसके चलते तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों के आचरण पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, रवि शंकर सूर्यवंशी तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत के रीडर के रूप में कामकाज संभाल रहा था। आरोप है कि ड्यूटी या कार्यालयीन माहौल के दौरान शराब के नशे में उसने एक वकील के साथ अभद्र व्यवहार किया। अधिवक्ता के साथ हुई इस बदसलूकी की सूचना जैसे ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंची, मामला चर्चा का विषय बन गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मामले में तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी कर्मचारी के इस आचरण को गंभीर अनुशासनहीनता करार दिया। इसके बाद कलेक्टर की ओर से रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी के निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और अमर्यादित व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

स्थानीय स्तर पर यह बात भी सामने आ रही है कि निलंबित कर्मचारी रवि शंकर सूर्यवंशी पर पहले भी विभिन्न प्रकार के आरोप लगते रहे हैं। इसके बावजूद पूर्व में सख्त कार्रवाई न होने या मामले दबे रहने को लेकर अब लोग और पक्षकार तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। तहसील कार्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में आम नागरिकों के साथ-साथ अधिवक्ता भी राजस्व से जुड़े कामकाज के सिलसिले में पहुंचते हैं। ऐसे में कार्यालय के भीतर जिम्मेदार पद पर बैठे कर्मचारी के शराब के नशे में अभद्रता करने की घटना ने सिस्टम की निगरानी और अनुशासन व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। फिलहाल निलंबन आदेश के बाद आगे की विभागीय प्रक्रिया और जांच को लेकर भी नजरें टिकी हुई हैं।

पढ़िए क्या लिखा है कलेक्टर के आदेश में?

अनुविभागीय अधिकारी राजस्य बिलासपुर द्वारा 20 नवंबर 2026 के द्वारा आवेदक त्रिशिर मनीष दीक्षित अधिवक्ता द्वारा नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत के रीडर रवि द्वारा कार्यालयीन समय में शराब पीकर बदसलूकी करने के संबंध में प्रस्तुत शिकायत का जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है। जिसके अनुसार प्रस्तुत शिकायत के संबंध में आचरण की दृष्टि से प्रथमदृष्ट्या रवि सूर्यवंशी रीडर का दोषी होना परिलक्षित प्रतिवेदित किया गया है।

शासकीय सेवक होने के नाते रविशंकर सूर्यवंशी, सहायक ग्रेड-3 तहसील कार्यालय रतनपुर (संलग्न तहसील कार्यालय बिलासपुर) का उपरोक्त अमर्यादित आचरण छ०ग० सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 1965 के नियम 3 एवं 23 के प्रतिकूल है। उपरोक्त कृत्य हेतु रविशंकर सूर्यवंशी, सहायक ग्रेड-3 के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाना प्रस्तावित है।

अतः उपरोक्त कृत्य हेतु रविशंकर सूर्यवंशी, सहायक ग्रेड-3 तहसील कार्यालय रतनपुर (संलग्न तहसील कार्यालय बिलासपुर) को छग सिविल सेवा) वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के अधीन तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।

निलंबन अवधि में रविशंकर सूर्यवंशी, सहायक ग्रेड-3 का मुख्यालय तहसील कार्यालय कोटा नियत किया जाता है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

Related Articles

Back to top button