CG- 10वीं पास युवाओं के लिए खुशखबरी, छत्तीसगढ़ की पंचायतों में खुलेंगे रोजगार के अवसर, हर ग्राम पंचायत में होगी जल एवं स्वच्छता सहायक की नियुक्ति….

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में एक पहल की जा रही है। प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम जल एवं स्वच्छता सहायक की नियुक्ति की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत 10वीं पास युवाओं को मौका मिलेगा, जबकि ITI उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की तैयारी है। नियुक्ति ग्राम सभा के अनुमोदन से की जाएगी।
ग्राम जल एवं स्वच्छता सहायकों की जिम्मेदारी पंचायत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की होगी। वे गांवों में पानी की आपूर्ति से जुड़े कामों की निगरानी करेंगे। इसके तहत पंप और वाल्व का संचालन, छोटी-मोटी तकनीकी खराबियों की मरम्मत तथा जलापूर्ति व्यवस्था को व्यवस्थित रखने जैसे काम शामिल होंगे।
इस काम के लिए सहायकों को अधिकतम 5 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने का प्रावधान बताया गया है। इसके अलावा पंचायत में जमा होने वाली जल प्रभार राशि का 10 प्रतिशत प्रोत्साहन के रूप में देने की भी तैयारी है। इससे सहायकों को निर्धारित मानदेय के अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलने का रास्ता खुल सकता है।नौकरियाँ खोजें
नियुक्ति प्रक्रिया में ग्राम सभा की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। स्थानीय स्तर पर चयन होने से पंचायत क्षेत्र में रहने वाले युवाओं को अपने ही गांव में काम करने का अवसर मिलेगा। खासकर 10वीं पास और ITI प्रशिक्षित युवाओं के लिए यह रोजगार का नया विकल्प बन सकता है।
इस पहल का उद्देश्य केवल ग्रामीण युवाओं को रोजगार देना ही नहीं, बल्कि गांवों में पेयजल व्यवस्था के संचालन और रखरखाव को भी बेहतर बनाना है। हालांकि, नियुक्तियों की प्रक्रिया, आवेदन की तारीख और चयन से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश सामने आने के बाद ही युवाओं को आवेदन की पूरी जानकारी मिल सकेगी।



