CG- पटवारी पर हमला, दो भाइयों ने डंडे-मुक्कों से पीटा, पुलिस ने दर्ज की FIR, इस वजह से मचा बवाल…..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी जमीन पर निर्माण रोकने पहुंचे पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना घरघोड़ा क्षेत्र की है, जहां अतिक्रमण की जांच करने और निर्माण कार्य रोकने की समझाइश देने पहुंचे पटवारी का दो भाइयों से विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने पहले पटवारी के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद डंडे और मुक्कों से हमला कर उनकी पिटाई कर दी। घटना में घायल पटवारी की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पोरडा निवासी शिवानंद गिरी (37) राजस्व निरीक्षक मंडल कुडुमकेला के अंतर्गत पटवारी हल्का नंबर-8, ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। गुरुनानक जयंती की छुट्टी के दिन वे घर पर थे, तभी तहसीलदार ने ग्राम तिलाईपाली-रायकेरा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की सूचना पर जांच करने के निर्देश दिए। शिकायत के मुताबिक, प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी गुप्ता ग्राम नयारामपुर में NTPC द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास सरकारी जमीन पर शेड बना रहा था। तहसीलदार के मौखिक आदेश पर पटवारी मौके के लिए रवाना हुए और रास्ते में मिले खगेश्वर गुप्ता को साथ ले गए।
मौके पर जांच के दौरान सामने आया कि विवादित जमीन का कुछ हिस्सा वन विभाग और कुछ हिस्सा राजस्व विभाग के अंतर्गत आता है। इस पर पटवारी ने वन विभाग के कर्मचारी सुभाष कुमार कर्ष को बुलाने का प्रयास किया, जिन्होंने एक-दो दिन बाद जांच करने की बात कही। इसके बाद पटवारी ने प्यारीलाल गुप्ता को जांच पूरी होने तक सरकारी जमीन पर निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। आरोप है कि इसी बात पर प्यारीलाल भड़क गया और पूछने लगा कि वे किसके आदेश से वहां पहुंचे हैं।
पटवारी शिवानंद के मुताबिक, उन्होंने बताया कि वे तहसीलदार के निर्देश पर आए हैं और फोन के जरिए प्यारीलाल गुप्ता की तहसीलदार से बात भी कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान प्यारीलाल ने तहसीलदार से भी अभद्र व्यवहार किया।
बताया जा रहा है कि तहसीलदार से बातचीत के बाद जब पटवारी वापस लौट रहे थे, तभी प्यारीलाल गुप्ता ने वहां मौजूद उत्तर कुमार गुप्ता को निर्माण की सूचना देने की बात कही और गाली-गलौज करते हुए मुक्के व डंडे से मारपीट शुरू कर दी। जब पटवारी बीच-बचाव करने पहुंचे, तो प्यारीलाल ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। इसी दौरान उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी वहां पहुंचा और उसने भी पटवारी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
घटना में पटवारी शिवानंद गिरी के गाल, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। इसके बाद उन्होंने घरघोड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्यारीलाल गुप्ता और विजय गुप्ता के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 132, 223, 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



