CG Train Cancelled : रेल यात्रियों की फिर बढ़ेगी मुश्किलें, 48 दिन तक प्रभावित रहेगा रेल यातायात, कई ट्रेनें रद्द, सफर करने से पहले जरूर देख लें ये लिस्ट…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण मध्य रेलवे के गुंतकल मंडल में रेणिगुंटा रेलवे यार्ड के रीमॉडलिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का काम किया जा रहा है। इसके चलते 10 नवंबर से 27 दिसंबर 2026 तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ के रूट बदले गए हैं और कई ट्रेनें देरी से चलेंगी।
रेलवे के अनुसार, विशाखापत्तनम-तिरुपति एक्सप्रेस, मैसूर-रेणिगुंटा सुपरफास्ट, विशाखापत्तनम-तिरुपति डबल डेकर, भुवनेश्वर-तिरुपति सुपरफास्ट और संतरागाछी-तिरुपति एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तारीखों पर रद्द रहेगा। वहीं चेन्नई सेंट्रल-तिरुपति एक्सप्रेस 1 से 27 दिसंबर तक प्रतिदिन रद्द रहेगी।
छत्तीसगढ़ के यात्रियों की महत्वपूर्ण ट्रेन बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (22815) 14 और 21 दिसंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इसी तरह एर्नाकुलम-बिलासपुर एक्सप्रेस (22816) 9, 16 और 23 दिसंबर को बदले हुए रास्ते से संचालित होगी। इन ट्रेनों को गुडूर, पेरंबूर और अरक्कोणम के रास्ते चलाया जाएगा। इस दौरान रेणिगुंटा स्टेशन पर इनका नियमित ठहराव प्रभावित रहेगा।
रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोककर चलाने का फैसला भी लिया है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस को 60 मिनट और हावड़ा-तिरुपति एक्सप्रेस को 80 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा तिरुपति-चारलापल्ली एक्सप्रेस 45 मिनट, तिरुपति-हावड़ा हमसफर एक्सप्रेस 60 मिनट और विशाखापत्तनम-तिरुपति एक्सप्रेस को 180 मिनट तक रीशेड्यूल किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि सफर पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की तारीख, रूट और परिचालन की स्थिति की जानकारी जरूर जांच लें। तकनीकी कार्यों के चलते ट्रेनों के समय और संचालन में बदलाव हो सकता है।



