CG – मोतीलाल स्कूल में साइबर ठगी से बचाव पर जागरूकता और सहायता शिविर, टीआई कमला ठाकुर ने बच्चों से किया सीधा संवाद पढ़े पूरी ख़बर
पचपेड़ी//मोतीलाल स्कूल भटचौरा में साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व टीआई कमला ठाकुर ने किया।
उन्होंने अपने उद्बोधन में सभी छात्र-छात्राओं को मोबाइल का सही उपयोग करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल का उपयोग सिर्फ पढ़ाई के लिए करें, अन्य अनावश्यक चीजों के लिए नहीं।
मोबाइल से होती है कई तरह की ठगी…
टीआई कमला ठाकुर ने बताया कि मोबाइल के माध्यम से अनेक प्रकार की साइबर ठगी होती है। अनजान लिंक, फर्जी कॉल, लॉटरी का लालच, OTP मांगने वाले मैसेज – इन सब से सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने बच्चों को समझाया कि कभी भी अपना OTP, पासवर्ड या बैंक से जुड़ी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न बताएं। अगर कोई डराए, धमकाए या लालच दे तो तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को बताएं।
बच्चों ने बताया अपना लक्ष्य…
शिविर में टीआई कमला ठाकुर ने बच्चों से सीधे संवाद किया और उनका लक्ष्य जानने की कोशिश की। सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ अपना-अपना लक्ष्य बताया। किसी ने डॉक्टर, किसी ने पुलिस अधिकारी, किसी ने शिक्षक और किसी ने इंजीनियर बनने की इच्छा जताई।
टीआई ने बच्चों को अच्छी शिक्षा ग्रहण कर सफलता की राह पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने बच्चों से हैंड शेक भी किया, जिससे बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।
ये रहे मौजूद…
इस अवसर पर संचालक ओमप्रकाश कुर्रे, प्राचार्य धरम पोर्ते, प्रेम प्रकाश कुर्रे, शिक्षकगण बलराम जगत, दुर्गेश नेताम, मेघा भारती, सीमा जगत, प्रिया गोस्वामी, पूनम मरावी सहित अन्य शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने टीआई कमला ठाकुर का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के शिविर से बच्चों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।




