धमतरी

सेना में भर्ती का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका,धमतरी में 29 नवंबर को होगी फाइनल रिहर्सल, दमखम दिखाने वालों को मिलेंगे नकद पुरस्कार

धमतरी। भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी शारीरिक क्षमता और तैयारियों को परखने का मौका मिलने जा रहा है। निःशुल्क कमांडो प्रशिक्षण केंद्र, मिलिट्री एकेडमी धमतरी के तत्वावधान में आगामी 29 नवंबर को सुबह 6 बजे से इंडोर स्टेडियम धमतरी में सेना भर्ती रैली की फाइनल रिहर्सल एवं मेडिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा।

इस रिहर्सल में अभ्यर्थियों को सेना भर्ती के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप 1600 मीटर दौड़, शारीरिक दक्षता परीक्षण, ड्रिल और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा। इसके जरिए युवा अपनी फिटनेस, सहनशक्ति, अनुशासन और भर्ती की तैयारियों का वास्तविक आकलन कर सकेंगे।

बिलासपुर में 12 से 18 दिसंबर तक होगी सेना भर्ती रैली

उल्लेखनीय है कि आगामी 12 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए धमतरी में फाइनल रिहर्सल कराई जा रही है, ताकि अभ्यर्थियों को वास्तविक भर्ती प्रक्रिया और शारीरिक मानकों का पहले से अनुभव मिल सके। इससे युवा अपनी कमियों को पहचानकर अंतिम समय में तैयारी को और बेहतर बना सकेंगे।

बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिलेंगे हजारों रुपये

रिहर्सल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे

– प्रथम पुरस्कार – 5,001 रुपये

– द्वितीय पुरस्कार – 3,001 रुपये

– तृतीय पुरस्कार – 1,001 रुपये

आयोजन में शामिल होने के लिए प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है।

आधार कार्ड और खेल पोशाक लाना अनिवार्य

मिलिट्री एकेडमी धमतरी ने सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे जिले के युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थी 29 नवंबर को सुबह 6 बजे इंडोर स्टेडियम धमतरी पहुंचकर रिहर्सल में शामिल हो सकते हैं। प्रतिभागियों को अपने साथ आधार कार्ड, खेल पोशाक एवं आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे।

संपर्क एवं पंजीयन – मिलिट्री एकेडमी धमतरी
मोबाइल नंबर: 79818-56258, 94405-32582

सेना में चयन के लिए शारीरिक दक्षता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नियमित अभ्यास और मानसिक दृढ़ता भी जरूरी है। यह रिहर्सल युवाओं को आगामी सेना भर्ती रैली के लिए खुद को तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button