CG ब्रेकिंग : ASI समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड, थाने से दो आरोपी फरार और लेनदेन करने वाले ASI समेत 4 पर गिरी निलंबन की गाज, जानिए पूरा मामला…..

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और लापरवाही के मामलों पर एसपी अंकिता शर्मा ने सख्त कार्रवाई की है। रुपये के लेनदेन के मामले में एक एएसआई (सहायक उपनिरीक्षक) और ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई को लेकर एसपी ने अलग-अलग दो आदेश जारी किए हैं। पुलिस विभाग में हुई इस कार्रवाई से लापरवाह और अनुशासनहीन कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
जानिए पहला मामला
पहली घटना थाना कोतवाली क्षेत्र की है। लूट के मामले में विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को 25 नवंबर को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। दोनों के द्वारा अपराध स्वीकार करने पर आरोपियों को थाने में रखा गया था। इसी दौरान दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए।
दोनों आरोपियों की ड्यूटी पर आरक्षक नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू को लगाया गया था। लेकिन तीनों की गंभीर लापरवाही के कारण दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए। मामले में एसपी अंकिता शर्मा ने एक्शन लेते हुए तीनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया है।
दूसरी घटना
थाना बोरतलाव में पदस्थ सउनि (एएसआई) गोकुल सोनकर के बारे में रुपयों के लेनदेन की शिकायत एसपी को मिली थी। शिकायत की जांच के बाद एसपी ने सउनि गोकुल सोनकर को निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान गोकुल सोनकर को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा। नीचे देखें आदेश।



