छत्तीसगढ़

CG- पत्नी के दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क को हाई कोर्ट ने माना मानसिक क्रूरता, पति को दी तलाक की मंजूरी….

बिलासपुर। पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के समान है। इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना जरूरी नहीं है। पत्नी के दूसरे पुरुष से लगातार फोन पर बातचीत करने, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाने और उसके साथ बाहर जाने जैसी गतिविधियां भी अहम हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने यह महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए फैमिली कोर्ट का फैसला पलट दिया और पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली। कोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की है।

1994 में हुई थी शादी, 2019 में खारिज हुई थी अर्जी

यह मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती का है, जिनकी शादी वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी और उनके एक बेटा व दो बेटियां हैं। पति का आरोप था कि पत्नी के एक अन्य पुरुष से संबंध हैं और मना करने के बावजूद वह उससे बातचीत करती रही, जिससे वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ। इसी आधार पर पति ने तलाक की अर्जी लगाई थी, लेकिन 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त सबूत न होने के आधार पर अर्जी खारिज कर दी थी। इसके बाद पति ने छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट में अपील की, जहां गवाहों के बयानों व साक्ष्यों की पड़ताल के बाद कोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने कई अहम पहलुओं पर विचार नहीं किया।

सुनवाई में सामने आईं बेटी, बेटे और पति की गवाहियां

बेटी का बयान: सुनवाई के दौरान बेटी ने बताया कि उसकी मां एक व्यक्ति से लगातार फोन पर बात करती थी। परिवार के सदस्यों ने समझाइश दी, लेकिन उसने बातचीत बंद नहीं की।

बेटे की गवाही: बेटे ने गवाही दी कि पिता के न रहने पर वह व्यक्ति घर आता था। जब बच्चों ने पिता को इसकी जानकारी दी, तो मां उन्हें डांटती थी। बेटे के अनुसार, एक बार मां घर छोड़कर उस व्यक्ति के घर भी चली गई थी।

पति की दलील: पति ने कोर्ट को बताया कि 22 अगस्त 2017 को पत्नी के माता-पिता की तबीयत खराब होने पर उसने उसे अस्पताल भेजा था, जिसके बाद उसने पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर देखा। समझाने पर पत्नी ने दोबारा ऐसा न करने का भरोसा दिलाया, लेकिन कुछ समय बाद फिर संपर्क शुरू हो गया।

परिस्थितिजन्य सबूतों को हाई कोर्ट ने माना अहम

हाई कोर्ट के डिवीजन बेंच ने कहा कि विवाहेतर संबंधों के मामलों में हर बार प्रत्यक्ष सबूत जुटाना संभव नहीं होता और हर मामले में फोन रिकॉर्डिंग, वीडियो या अन्य सीधे प्रमाण की उम्मीद नहीं की जा सकती। ऐसे मामलों में परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का एक साथ मूल्यांकन करना आवश्यक है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि शारीरिक संबंध साबित न होने के बावजूद दूसरे पुरुष से लगातार बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना मानसिक क्रूरता के आकलन में अहम भूमिका निभाते हैं। इसी आधार पर हाई कोर्ट ने पति के पक्ष में फैसला सुनाते हुए तलाक मंजूर कर लिया।

Related Articles

Back to top button