छत्तीसगढ़

CG Panchayat Election 2026 : छत्तीसगढ़ में जल्द बजेगा निकाय-पंचायत चुनाव का बिगुल, 1231 पदों के लिए चुनावी तैयारी पूरी करने में जुटा आयोग….

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजरें राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम की घोषणा पर टिकी हैं। संभावना जताई जा रही है कि 2 या 3 दिसंबर को राज्य निर्वाचन आयुक्त चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो सकती है। वहीं, दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराए जाने की संभावना है।

चुनाव प्रक्रिया से पहले 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है।

भिलाई, भिलाई-चरोदा, बिरगांव और रिसाली सहित 4 नगर निगमों के अलावा अन्य नगरीय निकायों में भी चुनाव कराए जाएंगे। राजनीतिक दलों ने भी चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वार्ड स्तर पर समीकरण बनाने के साथ ही संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन किया जा रहा है।

कुल 1231 पदों के लिए होगा चुनाव

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगरीय निकायों में आम निर्वाचन और उपचुनाव को मिलाकर कुल 417 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इनमें महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षद के 400 पद शामिल हैं। इसके अलावा उपचुनाव के तहत अध्यक्ष के एक और पार्षद के 6 पदों पर भी मतदान होगा।

वहीं, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कुल 814 पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं। इस तरह नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को मिलाकर कुल 1231 पदों पर जनप्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा।

चुनाव कार्यक्रम जारी करने में किसी तरह की देरी होती है तो कुछ नगरीय निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति करनी पड़ सकती है।

ऐसे में दिसंबर का पहला सप्ताह राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले साल 2024 में भी नगरीय निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद कई जगहों पर प्रशासकों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

2021 में 23 दिन में पूरी हुई थी चुनाव प्रक्रिया

पिछले चुनावों के कार्यक्रम पर नजर डालें तो साल 2021 में नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान कराया गया था। इस तरह अधिसूचना जारी होने से लेकर मतदान तक करीब 23 दिनों का समय मिला था।

इसी समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, चुनाव की तारीखों और पूरी प्रक्रिया को लेकर स्थिति राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।

बीरगांव नगर निगम के 40 वार्डों में लागू होगी आचार संहिता

बीरगांव नगर निगम का कुल क्षेत्रफल 36.85 वर्ग किलोमीटर है। साल 2014 में गठित इस नगर निगम में 40 वार्ड और 6 मूल राजस्व ग्राम शामिल हैं। यहां नगर निगम चुनाव की घोषणा होने पर आदर्श आचार संहिता निगम क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में लागू होगी। इसका दायरा अपने आप पूरे रायपुर जिले में नहीं होगा।

उरला, बोरझरा, अछोली, रांवांभाठा, उरकुरा, बीरगांव और सरोरा के निगम क्षेत्र में आने वाले हिस्से भी आचार संहिता के दायरे में रहेंगे। वहीं, रायपुर जिले के अन्य नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में आचार संहिता उनके चुनाव कार्यक्रम के अनुसार प्रभावी होगी।

Related Articles

Back to top button