
छत्तीसगढ़ धमतरी। धमतरी पुलिस ने 14 साल पुराने गुमशुदगी के एक मामले का निराकरण करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना भखारा पुलिस ने वर्ष 2012 से लापता एक नाबालिग बालिका को ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश से सकुशल दस्तयाब किया है। पुलिस के मुताबिक, लंबे समय के दौरान महिला ने अपना नाम और पहचान बदल ली थी, बावजूद इसके तकनीकी साक्ष्यों, NATGRID और सोशल मीडिया की मदद से पुलिस उस तक पहुंचने में सफल रही।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुराने एवं लंबित गुमशुदगी प्रकरणों के निराकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
2012 में घर से निकली थी 14 वर्षीय बालिका
पुलिस के अनुसार, थाना भखारा क्षेत्र के ग्राम सिलिडीह निवासी 14 वर्षीय बालिका 27 अक्टूबर 2012 को दोपहर करीब 1 बजे घर से मट्ठा लेने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद थाना भखारा में अपराध क्रमांक 62/2013, धारा 363 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। लंबे समय तक प्रकरण लंबित रहने और बालिका द्वारा बाद में अपना नाम एवं पहचान बदल लेने के कारण उसकी पतासाजी पुलिस के लिए चुनौती बनी रही।
NATGRID और सोशल मीडिया से मिला अहम सुराग
पुराने और लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने प्रभावी पतासाजी के निर्देश दिए। थाना भखारा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए Facebook, Instagram, NATGRID तथा CDR/CAF से प्राप्त जानकारियों के आधार पर लगातार तलाश जारी रखी।
इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला कि लापता बालिका अब अपना नाम और पहचान बदलकर सेक्टर डेल्टा-III, थाना देवला, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में रह रही है।
ग्रेटर नोएडा पहुंची पुलिस टीम
सुराग मिलने के बाद थाना भखारा पुलिस की टीम तत्काल ग्रेटर नोएडा रवाना हुई। स्थानीय स्तर पर पतासाजी और आवश्यक कार्रवाई के बाद 23 नवंबर 2026 को महिला को सकुशल दस्तयाब किया गया और धमतरी लाया गया।
पुलिस के अनुसार, वर्तमान में लगभग 28 वर्ष की महिला का न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के समक्ष धारा 183 बीएनएसएस के तहत कथन दर्ज कराया गया। महिला ने बताया कि वर्ष 2012 में वह अपनी मां के पास चली गई थी। इसके बाद आगरा और दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में रहकर रोजी-मजदूरी करने लगी तथा बालिग होने के बाद वर्ष 2018 में विवाह कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने साथ किसी भी प्रकार की जोर-जबरदस्ती अथवा अपराध होने से इनकार किया है।
तकनीकी दक्षता और लगातार प्रयास से मिली सफलता
धमतरी पुलिस के अनुसार, 14 वर्ष पुराने इस गुमशुदगी प्रकरण का निराकरण आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग, तकनीकी विश्लेषण और लगातार किए गए प्रयासों से संभव हुआ। पुलिस द्वारा पुराने एवं लंबित गुमशुदगी मामलों की भी लगातार पतासाजी की जा रही है, ताकि लंबे समय से अपनों से बिछड़े लोगों को खोजकर उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
धमतरी पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।



