छत्तीसगढ़

CG डॉक्टर सस्पेंड : राज्य सरकार ने की बड़ी कार्रवाई, डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित, लगे ये गंभीर आरोप…..

कांकेर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर ने पहली शादी करने के सात माह बाद ही दूसरी शादी भी कर ली। पहली पत्नी से चिकित्सक ने तलाक भी नहीं लिया। दूसरी शादी की बात पता चलने पर पहली पत्नी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शिकायत की। जिस पर चिकित्सक डॉ मिथिलेश साहू को निलंबित कर दिया गया है। मिथलेश साहू कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड के अमोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ थे। मिली जानकारी के अनुसार पहली पत्नी ने उन पर एफआईआर भी करवाई हैं।

पहली शादी के बावजूद दूसरी शादी का आरोप

आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, डॉ. साहू ने 26 मई 2023 को महासमुंद निवासी डिगेश्वरी साहू से विधिवत विवाह किया था। लेकिन 8 जनवरी 2024 को उन्होंने धमतरी निवासी सृष्टि साहू से दूसरी शादी कर ली, जबकि पहली पत्नी जीवित हैं और तलाक भी नहीं हुआ था। यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 22 का प्रत्यक्ष उल्लंघन है।

नियम उल्लंघन की पुष्टि के बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के अंतर्गत डॉ. साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उन्हें रायपुर स्थित संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं के अधीन अटैच किया गया है। अब वे पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ नहीं सकते।

मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में पहली पत्नी ने पुलिस में मामला भी दर्ज करवाया है। इस मामले में दोष सिद्ध होने पर सात साल तक की जेल या जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।

Related Articles

Back to top button