धमतरी

बेलरबहारा धान खरीदी केंद्र का सिहावा विधायक अंबिका मरकाम ने किया निरीक्षण, किसानों की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश


धमतरी…
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी के दौरान किसानों को आ रही समस्याओं को लेकर सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम ने बेलरबहारा धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने विधायक को धान खरीदी से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराया।
किसानों ने बताया कि शासन द्वारा ऑनलाइन टोकन काटने की व्यवस्था लागू की गई है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में कमजोर नेटवर्क और तकनीकी समस्याओं के कारण आम किसान समय पर टोकन नहीं कटवा पा रहे हैं। कई बार सर्वर डाउन रहने, मोबाइल नेटवर्क की दिक्कत और तकनीकी त्रुटियों के चलते किसानों को बार-बार खरीदी केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस दौरान किसानों ने यह भी शिकायत की कि टोकन में देरी के कारण धान का उठाव समय पर नहीं हो पा रहा है, जिससे केंद्रों में भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
विधायक अंबिका मरकाम ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी ली और उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों का टोकन निर्धारित समय-सीमा में काटा जाए तथा लाए गए धान का पूरा-पूरा उठाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था किसानों की सुविधा के लिए है, इसलिए नेटवर्क व तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी किसान को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
विधायक ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या अधिक है, वहां व्यावहारिक समाधान निकालते हुए किसानों को राहत दी जाए और धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विधायक की सक्रिय भूमिका से किसानों में संतोष का माहौल देखा गया। किसानों ने उम्मीद जताई कि विधायक के हस्तक्षेप और निर्देशों के बाद धान खरीदी में आ रही समस्याओं का समाधान होगा और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व सहज बनेगी। साथ ही इस निरीक्षण के दौरान स्थानीय कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि जन की उपस्थिति रही जिसमें भानेंद्र ठाकुर प्रमोद कुंजाम अभिषेक बंजारे मयंक ध्रुव तामेस्वरी साहू श्रीधन सोम मोहन जालेश नरेश मांझी वह बड़ी संख्या में क्षेत्र के किस भी उपस्थित रहे

Related Articles

Back to top button