IT Raid In Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, कोयला कारोबारियों पर आयकर का शिकंजा, 1 करोड़ की ज्वेलरी सीज,करोड़ों के लेनदेन का खुलासा……

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोयला कारोबार से जुड़े बड़े समूहों पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। तलाशी अभियान के दौरान अधिकारियों ने बेहिसाब ज्वेलरी बरामद की, जिसका मूल्यांकन करने के बाद लगभग 1 करोड़ रुपये की ज्वेलरी को सीज कर दिया गया। बरामद आभूषणों में सोना, चांदी और प्लेटिनम की ज्वेलरी शामिल बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच अब प्रमुख कोयला कारोबारी समूहों के दफ्तरों, आवासों और गोदामों तक सिमट गई है।
सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई का दायरा कोयला कारोबारी फील ग्रुप के समूह चेयरमैन प्रवीण झा, उनके भाई ललित झा तथा तिरूपति मिनरल्स से जुड़े अंशुमान अग्रवाल और प्रमोद अग्रवाल के कुल 15 ठिकानों पर केंद्रित रही। इन स्थानों में प्रमुख कार्यालय, घर और व्यावसायिक परिसरों को शामिल किया गया है।
आयकर विभाग की टीमें इन ठिकानों पर वित्तीय दस्तावेजों, निवेश, संपत्ति, लेन-देन और अन्य कारोबारी गतिविधियों की बारीकी से जांच की हैं। साथ ही लक्जरी वाहनों, महंगे सामान, आलीशान बंगलों और फर्म के आधुनिकीकरण में हुए खर्च का भी मिलान किया जा रहा है।
आयकर विभाग के अधिकारियों ने संबंधित कारोबारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। तलाशी के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का बैकअप लिया जा रहा है।अधिकारियों का कहना है कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जाएगी, जिससे संभावित कर अनियमितताओं और वित्तीय लेन-देन की सटीक जानकारी मिल सके।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश की 150 सदस्यीय संयुक्त टीम ने 12 फरवरी को व्यापक कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान दोनों जिलों में कुल 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।



