CG – चौथी की छात्रा ने की आत्महत्या : इस वजह से उठाया खौफनाक कदम, परिवार में पसरा मातम…..

भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र से आत्महत्या का मामला सामने आया है। जहां 10 साल की बच्ची ने मामूली बात पर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। घटना से परिवार को गहरा सदमा लगा है।
जानकारी के मुताबिक, गणेश नगर वार्ड-5 निवासी गुरप्रीत कौर उर्फ खुशी, जो कक्षा चौथी की छात्रा थी, अपने घर में भाई के साथ मौजूद थी। इसी दौरान किसी छोटी सी बात को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद हो गया। बड़े भाई की डांट से बच्ची बेहद आहत हो गई। बताया जा रहा है कि इस डांट को वह सहन नहीं कर पाई और गुस्से व दुख में आकर उसने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना के समय घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। बच्ची के पिता ड्राइवर हैं, जबकि मां ब्यूटी पार्लर में काम करती हैं। दोनों ही अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे। घर में सिर्फ बच्ची और उसका भाई मौजूद थे। इसी दौरान विवाद के बाद बच्ची कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
पड़ोसियों के अनुसार, बच्ची ने कमरे के अंदर टेबल लगाई और चुनरी के सहारे पंखे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के लोगों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर बच्ची को फंदे से लटका पाया गया। परिजन और पड़ोसी तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरप्रीत कौर उर्फ खुशी स्वामी आत्मानंद स्कूल जामुल में कक्षा चौथी की छात्रा थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही स्कूल और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।



