यूट्यूब देखकर एटीएम काटने की साजिश नाकाम, गैस कटर के साथ आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, गैस कटर,सिलेंडर,सब्बल,नकाब सहित वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद।

कवर्धा/पंजाब नेशनल बैंक शाखा लोहारा के एटीएम को गैस कटर से काटकर चोरी करने की साजिश को पुलिस ने नाकाम करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गैस कटर, गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर, सब्बल, नकाब सहित वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब नेशनल बैंक शाखा लोहारा के शाखा प्रबंधक द्वारा एटीएम मशीन को गैस कटर से काटने के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सहसपुर लोहारा में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसी दौरान थाना सहसपुर लोहारा पुलिस द्वारा लगातार एटीएम की चेकिंग की जा रही थी। 24 मार्च 2026 की रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम जब एटीएम का निरीक्षण कर रही थी, उसी समय एक व्यक्ति एटीएम के पास संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नंदलाल साहू (30 वर्ष) निवासी छोटूपारा थाना सहसपुर लोहारा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था और एक ही बार में कर्ज से छुटकारा पाने के लिए उसने यूट्यूब पर एटीएम काटने के तरीके देखे। उन्हीं वीडियो से प्रेरित होकर उसने एटीएम मशीन काटकर पैसा चोरी करने की योजना बनाई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले भी सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर लोहारा और छुईखदान क्षेत्र के एटीएम को गैस कटर से काटने का प्रयास कर चुका है, लेकिन हर बार असफल रहा। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी से घटनास्थलों पर सीन रीक्रिएट कराया, जिसमें उसने गैस कटर और सिलेंडर से एटीएम काटने का तरीका बताया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG07AP0793, गैस कटर मशीन, गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर, लोहे का सब्बल, काला रेनकोट, गमछा, लाल कंबल तथा मोटरसाइकिल छिपाने में उपयोग किए गए कपड़े जब्त किए हैं।
कबीरधाम पुलिस की सतर्कता, लगातार निगरानी और प्रभावी रात्रि गश्त के चलते एक बड़ी वारदात होने से पहले ही नाकाम कर दी गई। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



