CG – समाज सेवा के नायकों का वंदन; ‘आशा किरण सम्मान’ से नवाजी गईं 150 विभूतियाँ, विशिष्ट अतिथि डॉ. रूपेन्द्र कवि ने कहा—”निस्वार्थ सेवा ही वास्तविक सामाजिक परिवर्तन का आधार”…

शीर्षक : समाज सेवा के नायकों का वंदन; ‘आशा किरण सम्मान’ से नवाजी गईं 150 विभूतियाँ
विशिष्ट अतिथि डॉ. रूपेन्द्र कवि ने कहा—”निस्वार्थ सेवा ही वास्तविक सामाजिक परिवर्तन का आधार”
रायपुर। राजधानी के वृंदावन हॉल, सिविल लाइन्स में शकुंतला फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘आशा किरण सम्मान’ समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 ऐसे समाजसेवियों को सम्मानित किया गया, जो कला, साहित्य, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी कमलेश जैन ने की। मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा जी अपरिहार्य कारणों से उपस्थित नहीं हो सके। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि (Guest of Honour) डॉ. रूपेन्द्र कवि (एन्थ्रोपोलॉजिस्ट, साहित्यकार, समाजसेवी एवं डिप्टी सेक्रेटरी, माननीय राज्यपाल सचिवालय, छत्तीसगढ़) रहे। विशिष्ट अतिथियों में कविता कुंभक, निशा शुक्ल, दीपाली जैन और डॉ. सिंह भी मंच पर आसीन रहे।
समाजसेवा और साहित्य का संगम :-
समारोह का मुख्य आकर्षण जगदलपुर के प्रतिष्ठित दंपत्ति डॉ. रूपेन्द्र कवि एवं सोनिका कवि रहे। साहित्य सृजन एवं निरंतर समाज सेवा के क्षेत्र में इनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए इन्हें संयुक्त रूप से ‘आशा किरण सम्मान’ से विभूषित किया गया।
संबोधन के मुख्य अंश :-
अपने उद्बोधन में डॉ. रूपेन्द्र कवि ने कहा, “किसी भी राष्ट्र की असली प्रगति उसके नागरिकों की सेवा भावना में निहित होती है। पद और दायित्व के साथ-साथ हमारी मानवीय संवेदनशीलता ही समाज को नई दिशा देती है। शकुंतला फाउंडेशन द्वारा बाल रोगियों और समाज के वंचितों के लिए किया जा रहा प्रयास अत्यंत सराहनीय है।”
संस्था की संचालिका स्मिता सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने का संकल्प दोहराया।



