छत्तीसगढ़

टेलीग्राम पर ‘डबल मुनाफे’ का लालच पड़ा भारी: CG पुलिस ने औरंगाबाद से दबोचे दो साइबर ठग, 27 लाख की ठगी का खुलासा

टेलीग्राम के जरिए “डबल मुनाफा” का झांसा, युवक से ₹27 लाख से अधिक की ठगी — दो आरोपी गिरफ्तार, सायबर टीम की सक्रियता से आरोपियों को औरंगाबाद से पकड़ने में मिली बड़ी सफलता, आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम 2000 हजार, मोबाइल, atm, बैंक पासबुक बरामद

जांजगीर-चाम्पा: सोशल मीडिया और निवेश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के विरुद्ध जांजगीर-चाम्पा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टेलीग्राम एप के जरिए “डबल मुनाफे” का झांसा देकर चाम्पा निवासी एक युवक से ₹27.26 लाख से अधिक की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद से गिरफ्तार किया है।

मामले का संक्षिप्त विवरण:

थाना चाम्पा क्षेत्र की निवासी 32 वर्षीय युवक राजेश कुमार सोनी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया, जहां उसे निवेश पर दोगुना लाभ दिलाने का लालच देकर करीब ₹27.26 लाख की रकम ठग ली गई। प्रार्थी ने अपने मोबाइल में Telegram एप डाउनलोड किया था। 7 दिसंबर 2025 को एक युवती ने उससे संपर्क कर एक निवेश कंपनी में पैसा लगाने पर भारी मुनाफा होने का दावा किया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां अन्य सदस्य भी लगातार निवेश के लिए प्रेरित करते रहे। झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग -अलग तिथियों में आरटीजीएस, यूपीआई, एटीएम और Paytm के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹27,26,614 जमा कर दिए। बाद में जब उसे ठगी का एहसास हुआ, तो उसने सायबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में थाना सायबर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को औरंगाबाद से पकड़ा। थाना साइबर पुलिस को विवेचना के दौरान एक बैंक खाते का सुराग मिला, जिसमें 42 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। यह खाता Ujjivan Small Finance Bank में संचालित पाया गया। जांच के आधार पर पुलिस टीम औरंगाबाद पहुंची, जहां आरोपी आवेज मसूद शेख को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

थाना सायबर पुलिस द्वारा बारीकी से पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने मित्र अब्दुल वाहिद के कहने पर बैंक खाता खुलवाया था, जिसका उपयोग ठगी की रकम जमा करने के लिए किया जाता था। रकम निकालकर वह अपने साथी को सौंप देता था और बदले में कमीशन प्राप्त करता था।
आगे की जांच में सह -आरोपी अब्दुल वाहिद को भी गिरफ्तार किया गया। उसने खुलासा किया कि वह दिल्ली निवासी) एक व्यक्ति के निर्देश पर यह काम करता था और उसे भी कमीशन मिलता था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों—

1. आवेज मसूद शेख (32 वर्ष)
2. अब्दुल वाहिद (34 वर्ष), निवासी औरंगाबाद—को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।

पुलिस की अपील:

सायबर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें और बिना सत्यापन किसी भी खाते में पैसा ट्रांसफर न करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सायबर पुलिस को दें।

उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक सागर पाठक सायबर थाना प्रभारी, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा एवं सायबर थाना का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button