छत्तीसगढ़

CG Accident News : छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का कहर: एक ही दिन में 6 की मौत, दर्जनों घायल, कई जिलों से सामने आई दर्दनाक घटनाएं…..

CG Accident News : छत्तीसगढ़ में एक ही दिन में अलग-अलग जिलों से सड़क हादसों की खबरें सामने आई हैं। कोरबा, सरगुजा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और धमतरी में हुए इन हादसों में 6 लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। इन हादसों में कहीं तेज रफ्तार ने जान ले ली, तो कहीं लापरवाही और अनियंत्रित वाहन हादसों की वजह बने।

शादी से लौट रहे युवकों को भारी वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कसनिया मोड़ के पास शादी से लौट रहे तीन बाइक सवार दोस्तों को एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 22 वर्षीय प्रवेश यादव (निवासी लाटा बस्ती, दर्री थाना क्षेत्र) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि बाइक का हैंडल वाहन से टकरा गया, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घायलों का इलाज जारी है।

नेशनल हाईवे-130 पर दो ट्रकों की भिड़ंत, चालक बाल-बाल बचा

सरगुजा। लखनपुर थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार मोड़ के पास नेशनल हाईवे-130 पर दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक का चालक वाहन में फंस गया। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक बाल-बाल बच गया।

मालवाहक वाहन हादसे का शिकार, दो की मौत, 10 से ज्यादा घायल

मोहला-मानपुर। नेशनल हाईवे-930 पर मानपुर से दल्ली राजहरा के बीच खड्गांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेंदुर के पास एक मालवाहक वाहन (छोटा हाथी) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा धंसा। वाहन में एक दर्जन से अधिक लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए हैं। सभी लोग राजनांदगांव के पार्रीनाला में आयोजित उर्स कार्यक्रम से लौट रहे थे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मानपुर थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा ने घटना की पुष्टि की है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए 112 की टीम भी मौके पर पहुंची।

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, दोनों की मौत

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा से राजनांदगांव जाने वाले मार्ग पर अछोली गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार ट्रक का कहर, अधेड़ की दर्दनाक मौत

धमतरी। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बागौद निवासी लखन लाल भार्गव किसी काम से बाहर गए हुए थे और वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान आरौद टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button