ED Raids In Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में बिल्डर-कारोबारी के ठिकानों पर ED की बड़ी रेड, जानिए किस मामले को लेकर अधिकारियों ने सुबह-सुबह खटखटाया दरवाजा……

दुर्ग/बिलासपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बिलासपुर में बिल्डर और कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई आर्थिक अनियमितताओं और संदिग्ध लेनदेन से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है। सुबह-सुबह शुरू हुई इस रेड से दोनों शहरों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
कई ठिकानों पर रेड
दुर्ग में अमर इंफ्रा के संचालक के ठिकानों पर ED की टीम ने दबिश दी। अधिकारी दो गाड़ियों में पहुंचकर सीधे आवास और दफ्तरों में जांच में जुट गए। सूत्रों के अनुसार दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और डिजिटल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि कार्रवाई के दौरान कोई व्यवधान न हो।
वहीं बिलासपुर में सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और अन्य ठिकानों पर ED की टीम ने छापा मारा है। यहां भी अधिकारियों ने दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े संभावित मामलों की जांच के तहत की जा रही है।
सूत्रों की मानें तो इस पूरी कार्रवाई में 10 से ज्यादा अधिकारियों की टीम शामिल है, जो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ जांच कर रही है। ED की टीमें लगातार संदिग्ध संपत्तियों और निवेश से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति की एंट्री पर रोक लगाई गई है।



