छत्तीसगढ़

CG ब्रेकिंग : करेंसी टॉवर के बाद अब इस कॉम्प्लेक्स की लिफ्ट में फंसी IAS की पत्नी, मचा हड़कंप…. दो हफ्तों में यह दूसरी घटना, लिफ्ट सुरक्षा पर उठे सवाल……

रायपुर। राजधानी की कमर्शियल बिल्डिंग्स में लगे लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। राजधानी के करेंसी टॉवर की लिफ्ट में आईएएस ऋचा शर्मा के फंसने के बाद अब गुरुवार को फाफाडीह स्थित पिथालिया में एक आईएएस अधिकारी की पत्नी लिफ्ट में फंस गई। मौके पर हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी सुबह पिथालिया कॉम्प्लेक्स स्थित जिम में लिफ्ट से जा रही थी। इस बीच अचानक लिफ्ट खराब हो गई। बताया जा रहा है कि लिफ्ट में फंसे रहने से वे घबरा गईं। इसके बाद परिवार और निगम अफसरों को सूचना मिली।

नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना नगर निगम के अधिकारियों को मिली थी और तत्काल जोन क्रमांक-2 की टीम मौके पर भेजी गई। वहीं मुख्य विद्युत निरीक्षक सुरेश कुमार नेताम का कहना है कि आईएएस की पत्नी के फंसने की घटना की जानकारी उन्हें नहीं है, लेकिन ऐसी कोई घटना हुई तो विभागीय अधिकारियों को मौके पर जाकर संबंधित कॉम्प्लेक्स की लिफ्ट के संचालन व सुरक्षा मानकों की जांच करने के निर्देश दिए जाएंगे।

बता दें कि बहुमंजिला इमारतों की लिफ्ट में तकनीकी खराबी की लगातार मामले सामने आ रहे हैं। 20 अप्रैल को रायपुर में करेंसी टॉवर की लिफ्ट में सीनियर आईएएस ऋचा शर्मा फंस गई थी। लिफ्ट के अंदर न पर्याप्त रोशनी थी और न ही वेंटिलेशन की व्यवस्था। कोई इमरजेंसी अलार्म या हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध नहीं था, जिससे तत्काल मदद नहीं मिल सकी। लगभग 20 मिनट तक आईएएस लिफ्ट में ही फंसी रहीं थी।

Related Articles

Back to top button