बाॅंकीमोंगरा डेली मार्केट जीर्णोद्धार में नया मोड़,भागवत ने कहा हम विकास नहीं विनाश का विरोध कर रहे है,न.पा.परिषद कर रही जबरदस्ती,आंदोलन की तैयारी,तो दूसरी तरफ प्रशासन का कहना महज कुछ दिनों के लिए किया जा रहा स्थानांतरण,पढ़े पूरी खबर….

नयाभारत बाॅंकीमोंगरा नगर में डेली मार्केट जीर्णोद्धार मामला बढ़ता ही जा रहा है,मीडिया से रूबरू हो कर लघु सब्जी व्यापारी संघ एवं बीजेपी कार्यकर्ता भागवत विश्वकर्मा ने रखी अपनी बात।
भागवत ने बताया कि जब से बाॅंकीमोंगरा पालिका का गठन हुआ है तब से विकास कार्य जारी है जो होना भी चाहिए।लेकिन बीते दिनों एक बात सामने आई जिसमें नगर प्रशासन डेली मार्केट का जीर्णोद्धार करना चाहती है। डेली मार्केट वर्तमान में जिस स्थान पर है वहां लगभग 27 वर्षों से सब्जी व्यवसायियों द्वारा संचालित की जा रही है।
जिसके पुनः निर्माण के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा सब्जी विक्रेताओं को लगातार नोटिस दी जा रही है जिसमें सब्जी मार्केट का पुनः निर्माण कराने की जानकारी दी गई है। नोटिस में लिखा गया शब्द *अस्थाई मार्केट* का भी विरोध इन विक्रेताओं द्वारा किया जा रहा,क्योंकि तत्कालीन पार्षद श्याम सुंदर शर्मा द्वारा इस जगह को सब्जी मार्केट का स्थान दिया था जो लगभग 27 वर्षों से अब तक सब्जी मार्केट के रूप में संचालित है तो यह अस्थाई कैसे हुआ।
सब्जी विक्रेताओं ने मीडिया को बताया कि उन्हें ये जानकारी मिली कि नगर पालिका परिषद द्वारा डेली मार्केट को वर्तमान में संचालित स्थान से किसी तरह से हटा कर उसी स्थान पर ऑटो स्टैंड और कॉम्लेक्स का निर्माण किया जाएगा।
इस बात को लेकर सब्जी विक्रेताओं को द्वारा जीर्णोद्धार का विरोध करने लगे। सब्जी विक्रेताओ ने नगर पालिका के अधिकारियों से मुलाकात की जहां इनको कहा गया कि सब्जी मार्केट को खाली करना ही पड़ेगा इसमें हम कुछ नहीं कर सकते।
नगर पालिका परिषद द्वारा दिए गए जवाब और उनके मंसूबों को देख कर और उनके ही द्वारा वहां होने वाली निर्माण कार्य की उड़ती खबर से सब्जी विक्रेताओं के प्रतिनिधत्व करने और इनके हक की लड़ाई लड़ने भाजपा कार्यकर्ता भागवत विश्वकर्मा खड़े हुए और पालिका द्वारा दिए गए नोटिस का जवाब और स्पष्टीकरण के लिए नगर पालिका परिषद के मुख्य अधिकारी को पत्र सौंपा जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया कि आपके द्वारा जल्द ही सकारात्मक पहल कर बीच का रास्ता न निकालने की स्थिति में और आप के द्वारा दी जाने वाली बार बार नोटिस के माध्यम से मानसिक प्रताड़ित करने की स्थिति में समस्त सब्जी विक्रेताओं के साथ हम 12 मई 2026 को नगर पालिका परिषद का घेराव कर आपकी इस कृत्य का विरोध कर आंदोलन करेंगे।
सब्जी व्यापारियों का कहना है कि नगर पालिका परिषद डेली मार्केट को आधा–आधा करके दो हिस्सों में निर्माण कार्य कराए जिससे हमारा व्यवसाय भी जारी रहे और पुनः निर्माण कार्य भी हो जाए इस स्थिति में हम इस पुनः निर्माण कार्य के लिए सहमत है।
विश्वकर्मा का कहना है डेली मार्केट बाॅंकीमोंगरा में शोभा है और यह जगह क्षेत्र में जान डालती है हम इस जगह को परिवर्तित नहीं होने देंगे।
सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि मुख्य मार्ग में डेली मार्केट होने से नगर के सभी लोग तो आते ही है साथ ही साथ एक स्थान से दूसरे स्थान आने जाने वाले लोगों के खरीदारी से भी उनका व्यवसाय और अच्छा रहता है।
विक्रेताओं ने बताया की यह स्थान हमारे घरों से तो नजदीक है ही साथ में मुख्य मार्ग में स्थित होने के कारण चोरी की भी उम्मीद नहीं रहती।
भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा ने बताया कि लगभग विक्रेता सदैव भाजपा के सहयोग में रहते है और आज इसी पार्टी से जुड़े कुछ प्रतिनिधियों द्वारा इनको गुमराह कर जगह खाली करवाया जा रहा है जो सरासर गलत है,इस कृत्य से इनका व्यवसाय और आय में बड़ी प्रभाव पड़ेगी।
पूरे मामले जो बात सामने आई वो ये कि सब्जी विक्रेता संघ जीर्णोद्धार के लिए राजी है लेकिन उस जगह को 02 भागो में बांट कर आधे आधे भागो में किया जाए,जिससे हमें कही और न जाना पड़े।

उक्त मामले पर नगर पालिका परिषद सीएमओ का साफ तौर पर कहना है कि डेली मार्केट जहां संचालित है वही रहेगी।
यह कार्य केवल सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार का है जिसके लिए निविदा भी हो चुकी है। व्यापारियों को केवल 03 माह के लिए
सोमवारी बाजार जाने को कहा गया है। कार्य पूर्ण होते ही उन्हें उनके मूल स्थान पर बसाया जाएगा।
अब देखने वाली बात ये होगी आखिर आगे क्या होता है,ये जीर्णोद्धार का मामला कुछ नया रूप लेगा या शांतिपूर्ण तरीके से पूर्ण होगा।


