CG -RI, पटवारी को बनाया बंधक : जमीन सीमांकन के दौरान बवाल, इस बात पर भड़के ग्रामीण, चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज……

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भूमि सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। करतला थाना क्षेत्र के नोनबिर्रा गांव में ग्रामीणों ने गलत सीमांकन का आरोप लगाते हुए राजस्व निरीक्षक (आरआई) और हल्का पटवारी को करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान जमकर विवाद हुआ। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, धमकी और बंधक बनाने सहित अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज किया है।
बालको निवासी भरत चौहान नोनबिर्रा क्षेत्र में पटवारी के पद पर पदस्थ हैं। उनके साथ राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह नायब तहसीलदार के आदेश पर नोनबिर्रा में जमीन सीमांकन के लिए पहुंचे थे। सीमांकन के दौरान संबंधित पक्ष को जमीन सीमांकन के संबंध में जानकारी दी गई।
सीमांकन के दौरान दोपहर तकरीबन एक बजे संतराम, उसका पुत्र लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल ने सीमांकन पर आपत्ति जताते हुए विवाद शुरू खड़ा कर दिया। आरोप है कि चारों ग्रामीणों ने राजस्व अमले की कार के पीछे मोटरसाइकिल खड़ी कर उन्हें वहां से जाने नहीं दिया।
विवाद के दौरान लीलाधर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की धमकी भी दी। आरोपी ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक और पटवारी पर पैसे लेकर गलत सीमांकन करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा, जब तक नायब तहसीलदार, कलेक्टर और थाना प्रभारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक उन्हें जाने नहीं देंगे। राजस्व अमले ने आरोप लगाया है, तकरीबन दो घंटे तक उन्हें ग्रामीणों ने घेर कर मौके पर रोके रखा, जिससे सीमांकन का शासकीय कार्य प्रभावित हुआ। राजस्व अमले ने ग्रामीणों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। करतला पुलिस ने पटवारी भरत चौहान की शिकायत पर संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


