CG- आसमान से बरसी आफत: खेत में किसान की गई जान, आकाशीय बिजली गिरने से घर में लगी भीषण आग……

महासमुंद। मौसम में आया बदलाव कई लोगों के लिए दुस्वप्न की तरह रहा. आकाशीय बिजली गिरने से जहां खेत में फसल की रखवाली कर रहे किसान की मौत हो गई, वहीं एक खपरैल वाले घर में आग लग गई.
पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र की है. ग्राम पिरदा छापाडबरी खार निवासी धर्मसिंह गोंड (50 वर्ष) अपने पिता पुनीत राम गोंड (70 वर्ष) के साथ बीती रात मूंगफली खेत की रखवाली के लिए परसा पेड़ पर बनाए मचान पर सोया था. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से जहां धर्मसिंह गोंड की मौत हो गई, वहीं पिता पुनीत राम गोंड घायल हो गया. घायल पिता को इलाज के लिए तुमगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया है.
दूसरी घटना कोमाखान थाना क्षेत्र की है, जहां ग्राम बाघामुड़ा में सुबह- सुबह आकाशीय बिजली गिरने से प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल के घर आग लग गई. आग से घर में रखा सारा घरेलू सामान व गाड़ियों का सीट जल गया. आग लगने के दौरान पूरा परिवार खपरैल वाले मकान से सटे दो कमरों में था, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची महासमुंद व बागबाहरा की फायर ब्रिगेड वाहन ने आग पर काबू पाया.



