CG Bulldozer Action : 100 एकड़ पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल के साथ हटाया कब्जा, प्रशासन ने इस वजह से की बड़ी कार्रवाई…..

राजनांदगांव। राजनांदगांव में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 एकड़ जमीन को खाली कराया है। इस कार्रवाई में अवैध प्लाटिंग, मैरिज पैलेस और दूसरे निर्माणों को बुलडोजर चलाकर हटाया गया। बताया जा रहा है कि यह कब्जा दुर्ग के एक बड़े व्यवसायी से जुड़ा हुआ था। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर प्लाटिंग और व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थीं। इस मामले में कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन की टीम ने अवैध रूप से बनाए गए मैरिज पैलेस को भी ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा जमीन पर की गई अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह हटाया गया। अधिकारियों के मुताबिक बिना अनुमति और नियमों के खिलाफ बड़े स्तर पर जमीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा ताकि किसी तरह की स्थिति न बिगड़े। स्थानीय लोगों की भी मौके पर भीड़ लगी रही। फिलहाल मामले को जिले की अब तक की बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई में माना जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि अवैध कब्जे और प्लाटिंग की वजह से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा था। अधिकारियों के अनुसार जमीन का इस्तेमाल नियमों के खिलाफ कर करोड़ों नहीं बल्कि अरबों रुपए तक का नुकसान प्रशासन को पहुंचाया जा रहा था। जांच में कई अनियमितताओं की जानकारी सामने आने के बाद कार्रवाई का फैसला लिया गया। प्रशासन अब इस मामले में दस्तावेजों और जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रहा है। मामले के बाद जिले में दूसरे अवैध कब्जों पर भी कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है।
कलेक्टर जितेंद्र यादव की इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर किए गए निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। इस कार्रवाई के बाद कई दूसरे अवैध निर्माण करने वाले लोग भी सतर्क हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि लंबे समय से इस जमीन को लेकर शिकायतें की जा रही थीं।



