छत्तीसगढ़

वनांचल विकास को मिली नई रफ्तार, विधायक भावना बोहरा ने 1.57 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, सेंदुरखार सहित कई वनांचल ग्रामों को मिली सड़क, सामुदायिक भवन और तालाब निर्माण की सौगात।

पंडरिया/पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम सेंदुरखार में 1 करोड़ 57 लाख 15 हजार रुपए की लागत से विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान सीसी रोड, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच तथा 5 नए तालाब निर्माण कार्यों की सौगात क्षेत्रवासियों को मिली।

विधायक भावना बोहरा ने मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण अंतर्गत ग्राम अंजवाईनबाह, मराडबरा, बोहिल, सारपानी, धुरसी, पुटपुटा, बिरैनबाह, बिरहुलडीह, रोखनी और नेऊर में सीसी रोड निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। वहीं ग्राम नेऊर में सांस्कृतिक मंच तथा ग्राम कुशियारी और सेंदुरखार में सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई गई। इसके साथ ही मनरेगा अंतर्गत ग्राम पिपरहा, छिंदीडीह, कड़मा, भेलकी एवं नेऊर में नए तालाब निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प वनांचल क्षेत्रों के समग्र विकास का है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, आवास और सामुदायिक अधोसंरचना के विस्तार से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि तालाब निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को भी लाभ पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi एवं मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में वनांचल क्षेत्रों तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। भाजपा सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है।

विधायक भावना बोहरा ने बताया कि पीएम जनमन योजना अंतर्गत 171 किलोमीटर से अधिक पक्की सड़कों, 4 उच्चस्तरीय पुल, 10 पुलिया, 3500 नए पीएम आवास, महीडबरा जलाशय योजना, पुटपुटा एवं कौआनार व्यपवर्तन योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। साथ ही 27 आंगनबाड़ी भवन निर्माण, कुई-कुकदुर महाविद्यालय भवन, विद्युतविहीन गांवों तक बिजली पहुंचाने एवं नल जल योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर उभर रही है।

उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र की बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी सत्र से कुई-कुकदुर महाविद्यालय के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में निःशुल्क एम्बुलेंस और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब का संचालन भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष,जनपद सदस्य,सरपंचगण,भाजपा पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि,कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button