धमतरीनगरी

गुणवत्ता की कसौटी पर परखी गई पीएम सड़क, कलेक्टर ने किया निरीक्षण…ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार, निर्माणाधीन सड़क का कलेक्टर ने लिया जायजा…

कसपुर-झुरानदी सड़क निर्माण का निरीक्षण, गुणवत्ता सुनिश्चित करने दिए निर्देश

धमतरी…कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अपने नगरी प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) अंतर्गत निर्माणाधीन कसपुर-रैया से झुरानदी कमारपारा जामपानी सड़क का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता परखने हेतु मौके पर सड़क की लंबाई एवं मोटाई की जांच कराई। साथ ही कोर कटिंग परीक्षण के माध्यम से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता एवं सड़क की मजबूती का परीक्षण भी कराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में बनने वाली सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास और जनसुविधा की आधारशिला होती हैं। इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की प्रत्येक प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा तकनीकी मानकों का पूर्णतः पालन किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, साथ ही दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम श्रीमती प्रीति दुर्गम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कलेक्टर को निर्माण कार्य की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी दी।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button