छत्तीसगढ़

CG Weather Update : नौतपा के बीच बदला मौसम, छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का असर, कई जिलों में अलर्ट जारी……

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने तेज हवा और बारिश को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले घंटों में गरज-चमक के साथ वर्षा और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आज से पूरे प्रदेश में मेघगर्जन, तेज हवाओं, वज्रपात और बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। इसके चलते कई इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है और कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।

27 जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के 27 जिलों में बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और बादल गरजने का अलर्ट जारी किया है। जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। यलो अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया शामिल हैं।

रायपुर में आज मौसम रहेगा बदला-बदला

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश की चेतावनी जारी की है। अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, हालांकि बारिश के चलते तापमान में गिरावट संभव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button