CG – एक्सप्रेस के शौचालय को बनाया गांजा तस्करी का अड्डा, एसी कोच के बाथरूम में छिपाकर ला रहे थे, GRP ने पकड़ा लाखों का गांजा…..

रायगढ़। ट्रेन के एसी कोच के बाथरूम में गांजा को छिपाकर लाया जा रहा था। हीराकुंड एक्सप्रेस के बाथरूम में तस्करों ने पांच लाख रुपये का गांजा छिपाया है। जीआरपी ने गांजा की जब्ती बनाई है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने हीराकुंड एक्सप्रेस से 5 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। तस्करों ने गांजा ट्रेन के एसी कोच के बाथरूम की फॉल्स सीलिंग में छिपाकर रखा था। जीआरपी थाना रायगढ़ को कमर्शियल कंट्रोल के माध्यम से इनपुट मिला था, अप लाइन की ट्रेन नंबर 20807 हीराकुंड एक्सप्रेस के एम-1 कोच में गांजे की तस्करी की जा रही है। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर पुलिस टीम ने संबंधित कोच की तलाशी ली। जांच के दौरान एम-1 कोच के बाथरूम की फॉल्स सीलिंग में खाकी रंग के सेलो टेप से लिपटे 10 पैकेट संदिग्ध हालत में मिले।
10 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
पुलिस ने पैकेटों की जांच की तो उनमें गांजा भरा हुआ मिला। पुलिस ने बाथरूम से 10.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया, गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे की जब्ती बना ली है। जीआरपी ने ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन गांजा रखने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी।इस मामले में जीआरपी रायगढ़ ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।



