धमतरीनगरी

CG – सरई बिनने गई वृद्धा पर मधुमक्खियों का जानलेवा हमला, सैकड़ों डंक लगने से मौत..!

धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक स्थित गजकन्हार जंगल में मधुमक्खियों के झुंड के हमले से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पालगांव थाना दुगली निवासी 75 वर्षीय रामबती अपने बेटी के घर गजकन्हार गांव आई हुई थीं। सोमवार सुबह वह गांव के अन्य लोगों के साथ जंगल में सरई बिनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने उन पर हमला कर दिया।

मधुमक्खियों के सैकड़ों डंक लगने से रामबती गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथ मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बचाकर जंगल से बाहर निकाला और तत्काल नगरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद रामबती को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों में वनोपज संग्रह के दौरान इस तरह की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने वन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button