CG – दुष्कर्म पीड़िता की मौत : युवती के शरीर के अंदर से सेफ्टी पिन और काॅर्क के मिले टुकड़े, मचा हड़कंप…..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुष्कर्म पीड़िता मूकबधिर की मौत हो गई। मृतिका के पोस्टमार्टम में डाॅक्टरों को कई संदिग्ध चीजें मिली है। पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर इसकी जांच में जुट गई है। बता दें कि मृतिका से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर बीते 4 अप्रैल को ही जेल भेज दिया गया था।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र की है। 3 अप्रैल को दुष्कर्म की घटना के बाद 18 वर्षीय मूकबधिर युवती को जशपुर के सखी सेंटर लाया गया था। पीड़िता की नियमित देख-रेख की जा रही थी। इसी बीच 12 मई को युवती के पेट में तेज दर्द हुआ। गंभीर हालत में युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था।
चिकित्सकीय परीक्षण और इलाज के बाद युवती के स्वास्थ्य में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी कर सखी सेंटर भेज दिया गया था। इसी बीच 19 मई को युवती की तबीयत एक बार फिर से बिगड़ गई। सखी सेंटर के कर्मचारियों ने युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच के दौरान युवती की मौत हो गई। पुलिस ने मृतिका के शव को पीएम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। पीएम रिपोर्ट के मुताबिक, युवती के शरीर के अंदर से सेफ्टी पिन और काॅर्क के कुछ हिस्से मिले। हालांकि अभी ये जानकारी नहीं मिल पाई हैं कि युवती के शरीर में ये वस्तुएं कैसे पहुंची।
पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कार्रवाई कर रही है। साथ ही मृतिका के शव से मिले वस्तुओं को परीक्षण के लिए मेडिकल काॅलेज भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि मृतिका की मौत से इन वस्तुओं का क्या संबंध था। पुलिस मामले में सखी सेंटर के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं, इस मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्र्यिल जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद ही मृतिका के मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।



