शौर्य चक्र से सम्मानित वीर जवानों से मिले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की मिसाल बने जवानों को दी बधाई।

रायपुर/उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों …शौर्य चक्र…से सम्मानित वीर पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों से शनिवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में आत्मीय मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित जवानों के परिजन भी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ और देश को ऐसे वीर सपूतों पर गर्व है, जिन्होंने अपने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति से असाधारण परिस्थितियों में भी वीरता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि इन जवानों का शौर्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने शौर्य चक्र से सम्मानित इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट, इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख एवं 3 असम राइफल्स के राइफलमैन भोज राम साहू के साहसिक कार्यों की सराहना की। साथ ही उनके परिजनों से मुलाकात कर कहा कि देश सेवा के इस गौरवपूर्ण योगदान में परिवारों का त्याग और सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उप मुख्यमंत्री ने सम्मानित जवानों से उनके साहसिक अभियानों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभाने वाले ऐसे जवान पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ पुलिस के इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट एवं इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख को 16 अप्रैल 2024 को कांकेर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अद्वितीय नेतृत्व, साहस और रणनीतिक कौशल का परिचय देने के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नक्सलियों के विरुद्ध सफल अभियान चलाया था।
वहीं, 3 असम राइफल्स के राइफलमैन भोज राम साहू को भारत-म्यांमार सीमा पर घुसपैठ विरोधी अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अदम्य साहस के साथ मोर्चा संभालते हुए दुश्मनों को पीछे हटने पर मजबूर करने और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा बलों के जवानों के सम्मान, कल्याण और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सम्मानित जवानों एवं उनके परिजनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका साहस और बलिदान राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है।


