छत्तीसगढ़

CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक, कहीं बारिश तो कहीं तपिश, इन जिलों में यलो अलर्ट जारी, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कई हिस्सों में तेज गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, तो दूसरी तरफ कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। राजधानी रायपुर में मंगलवार को कई इलाकों में अंधड़ के साथ बारिश और बूंदाबांदी हुई, लेकिन इसके बाद निकली तेज धूप ने उमस को और बढ़ा दिया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि स्थानीय मौसमी तंत्र के कारण दक्षिणी इलाकों में बारिश का असर दिखाई दे रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय बनी रहेंगी। अगले दो दिनों तक भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ वज्रपात और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में मानसून के आगमन से पहले छत्तीसगढ़ के लोगों को गर्मी और बारिश, दोनों तरह के मौसम का सामना करना पड़ सकता है।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में खराब मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और बारिश की आशंका जताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button