CG – परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत, ऐसे हुई हादसे की शिकार, पिता की हालत गंभीर, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल…..

जीपीएम। छत्तीसगढ़ के जीपीएम जिले में सड़क हादसे में बीएससी छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। छात्रा परीक्षा देने के लिए निकली थी, इसी दौरान तेज रफ़्तार ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसे में छात्रा की मौत हो गई। वहीं, इस दुर्घटना में छात्रा के पिता गंभीर रूप से घायल है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत
हादसे के बाद मौके से ट्रक का ड्राइवर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस अब अज्ञात ट्रक ड्राइवर की तलाश में जुट गई है। ट्रक ड्राइवर को पकड़ने के लिए पुलिस अब आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने की तैयारी कर रही है।
पिता के साथ परीक्षा देने जा रही थी गायत्री
मृतक छात्रा बीएससी सेकेंड ईयर में पढ़ती थी। छात्रा पेंड्रा कालेज परीक्षा देने जा रही थी। छात्रा के पिता कृपाल सिंह अपनी बेटी गायत्री को परीक्षा दिलाने के लिए कालेज जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी बाइक ट्रक से टकरा गई। पीड़ित परिवार कोरबा के पसान थाना इलाके के ग्राम अमझर का रहने वाला है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल पर एक ट्रक ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान मोपेड चालक कृपाल सिंह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाए और मोपेड अनियंत्रित होकर ट्रक के करीब पहुंच गई। देखते ही देखते पिता-पुत्री ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि गायत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी और पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल कृपाल सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवती की असमय मौत से परिजनों सहित पूरे अमझर गांव में मातम पसरा हुआ है। परीक्षा देने निकली बेटी की मौत की खबर से परिवार के लोगो का रो रोकर बुरा हाल है।



