Monsoon In Chhattisgarh : मानसून की एंट्री, छत्तीसगढ़ में यहां पहुंचा मानसून, कई जिलों में 24-48 घंटों के दौरान होगी झमाझम बारिश…..

रायपुर। प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार छत्तीसगढ़ में मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने सोमवार को दंतेवाड़ा जिले से दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश में प्रवेश की पुष्टि की है।
मानसून के दंतेवाड़ा में प्रवेश करते ही रायपुर में भी इसका असर दिखने लगा है। सुबह 8 बजे से चिलचिलाती गर्मी के बीच दोपहर 12:30 बजे के बाद अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ। काले बादल के साथ-साथ तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। बारिश की वजह से मौसम सुहावना हो गया। मौसम का अनुभव करने के लिए लोग घरों से बाहर निकले। हल्की बारिश और ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर महसूस हो रही है। छत्तीसगढ़ में मानसून के प्रवेश से किसानों के लिए यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनकी धान की नर्सरी तैयार हो रही है।
आज 22 जून को मानसून की उत्तरी सीमा 19°/60°E, 19°N/65°E, 18.8°N/70°E, अलीबाग, पुणे, निज़ामाबाद, दंतेवाड़ा, बलांगीर, सुंदरगढ़, चतरा, गया, मुजफ्फरपुर और 28.3°N/83°E से होकर गुजर रही है। प्रदेश में अगले 5 दिनों तक गरज चमक के साथ वज्रपात तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग का अलर्ट
पिछले 24 घंटों में मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात तथा हल्की से मध्यम वर्षा हुई। प्रदेश में अगले 5 दिनों तक गरज चमक के साथ वज्रपात तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अगले 3 दिनों में मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान, सामान्य से 3-5°C अधिक रहने की संभावना है।
जानिए मौसम विभाग ने क्या कहा
पंजाब से हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होते हुए बिहार तक मौसमी द्रोणिका समुद्र तल पर बनी हुई है। एक द्रोणिका झारखंड से तटीय आंध्र प्रदेश तक, अब औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर उत्तरी छत्तीसगढ़ से तेलंगाना तक फैला हुआ है।



