Jannah Theme License is not validated, Go to the theme options page to validate the license, You need a single license for each domain name.
अन्य ख़बरें

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पायलीखंड खदान से चोरी किए 146 हीरे जैसे पत्थरों के साथ 64 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार..!

Chhattisgarh धमतरी। धमतरी पुलिस ने बहुमूल्य हीरे जैसे पत्थरों की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 64 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 146 नग चमकदार पत्थर बरामद किए हैं, जिनका शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये है।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को बिरेझर पुलिस चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य पत्थर लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान विनोद अग्रवाल, उम्र 64 वर्ष, निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी पत्थर बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने कथन में इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया है।

मामले में पुलिस ने खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को 19 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

10.15 लाख रुपये का मशरूका जब्त…

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 146 नग बहुमूल्य पत्थर, एक सैमसंग Galaxy S21 FE 5G मोबाइल फोन और 2,200 रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त पत्थरों की अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये है, जबकि कुल जब्ती की कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध खनिज उत्खनन, चोरी, तस्करी और संदिग्ध खरीद-फरोख्त की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button