धमतरी

धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन: ड्रग्स माफियाओं की ₹35.85 लाख की संपत्ति फ्रीज, SAFEMA कोर्ट ने लगाई मुहर..

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए पहली बार SAFEMA/NDPS Act के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित ₹35.85 लाख से अधिक की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कराई है। मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA ने 23 जुलाई 2026 को फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि करते हुए कार्रवाई पर अपनी मुहर लगा दी है।

आईजी रायपुर रेंज के निर्देशन एवं धमतरी पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों के आर्थिक नेटवर्क की गहन जांच की। जांच के दौरान बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा निवेश, वाहन तथा अचल संपत्तियों की पड़ताल की गई। अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पुष्टि होने पर NDPS Act की धारा 68F के तहत उन्हें फ्रीज किया गया।

पहले मामले में आरोपी आरती रजक से जुड़े बैंक खाते, एफडी एवं अन्य निवेश सहित ₹12.93 लाख की संपत्ति फ्रीज की गई।

वहीं दूसरे मामले में आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी तथा पुत्री जाइका धुरी से जुड़े बैंक खाते, वाहन एवं अचल संपत्तियों सहित ₹22.91 लाख की संपत्ति फ्रीज की गई। जांच के दौरान संबंधित पक्ष अपनी संपत्तियों के लिए वैध आय का संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने फ्रीजिंग आदेश को बरकरार रखा।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब कार्रवाई केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पहले ही NDPS Act एवं PITNDPS Act के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण या किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button