छत्तीसगढ़

CG- SECL बलगी सब स्टेशन में डकैती, हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड पर किया जानलेवा हमला; CCTV फुटेज आया सामने….

कोरबा. कोरबा जिले के एसईसीएल बलगी सब स्टेशन में नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया. 15 से 20 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया और उसका मोबाइल समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए. हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. मामला बांकी मोंगरा थाना का है.

देर रात घुसे नाकाबपोश बदमाश

घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने बताया कि वह रात की शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात थे. रात करीब 11:10 बजे 15 से 20 नकाबपोश बदमाश सब स्टेशन परिसर में घुस आए. डंडे, चाकू और लोहे की रॉड से लैस बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई है. सब स्टेशन परिसर में चोरी के सभी आरोपी मौके से भाग निकले,

रात में सिर्फ एक सुरक्षा गार्ड

संजय कुमार ने बताया कि सब स्टेशन में चोरी की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन रात में उन्हें अकेले ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे उनकी जान को खतरा बना रहता है. उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती की गई थी, लेकिन बाद में उन्हें वापस बुला लिया गया. इसके अलावा सब स्टेशन परिसर में पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था नहीं से अंधेरे का फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे देते हैं.

बांकी मोंगरा थाना प्रभारी चमन सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही आरोपियों की तलाश में जुट गई है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

Related Articles

Back to top button